![]()
बैतूल जिला न्यायालय परिसर में सोमवार शाम 28 वर्षीय लोकेश प्रजापति ने जमकर हंगामा किया। कंपनी गार्डन निवासी लोकेश को काबू करने के लिए कोर्ट कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब 5 से 7 पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़कर कोतवाली थाना पहुंचाया। वहां उसे हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया गया। कोर्ट के भृत्य राजकुमार उइके ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि लोकेश तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश की कार पार्किंग तक पहुंचने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान उसकी बाइक कार से टकरा गई, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा। कोर्ट के सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
रोकने पर उसने कोर्ट कर्मचारियों के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और हाथापाई की। उसने कोर्ट के मुख्य द्वार को भी नुकसान पहुंचाया। पुलिसकर्मियों से भी मारपीट की, जिसमें एक पुलिसकर्मी की वर्दी फट गई। पूरी घटना कोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 296, 136(2), 121(ए) तथा मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। परिजनों और पुलिस के अनुसार, लोकेश मानसिक बीमारी से पीड़ित है। वर्ष 2019 से उसका इलाज चल रहा है। वर्ष 2023 तक नागपुर में भी उसका उपचार कराया गया था। घटना के दौरान वह बार-बार कह रहा था, “मंदिर में मुझे किसी ने मार दिया।” प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर चुका
लोकेश ग्रेज्यूशन पूरी कर साल 2020 तक इंदौर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर चुका है। वह पुलिस भर्ती की तैयारी भी कर रहा था। पहले कोर्ट की पार्किंग में काम कर चुका है। वर्तमान में वह भट्ठे पर मजदूरी करने के साथ मूर्तियां बनाने का काम करता है। एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसम ने बताया कि युवक को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मामले की जांच जारी है।
Source link
युवक ने बैतूल कोर्ट परिसर में हंगामा किया:पुलिसकर्मियों से मारपीट, कार से टकराई बाइक, मानसिक बीमारी का चल रहा इलाज
