पंकज केसरवानी | कौशांबी1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश प्रयागराज ने 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए निजी (व्यक्तिगत) परीक्षार्थियों के आवेदन और अग्रसारण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कौशाम्बी में इसके लिए कुल 12 आवेदन एवं अग्रसारण केंद्र नामित किए गए हैं। डीआईओएस बीएल मौर्य ने सोमवार देर शाम यह आदेश जारी किया। इन केंद्रों के माध्यम से व्यक्तिगत परीक्षार्थी अपने आवेदन पत्र जमा कर सकेंगे।
जारी आदेश के अनुसार, हाईस्कूल के व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के लिए अधिकतम 500 और इंटरमीडिएट के लिए 700 अभ्यर्थियों की सीमा निर्धारित की गई है। कुछ विद्यालयों को केवल आवेदन अग्रसारण (फॉरवर्डिंग) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

डीआईओएस ने सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे परिषद द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित समय सीमा में आवेदन प्रक्रिया पूरी कराएं। उन्होंने संबंधित विद्यालयों को व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र अभ्यर्थियों तक सूचना पहुंचाने के लिए भी कहा है।
जनपद में निर्धारित प्रमुख आवेदन केंद्रों में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कड़ा, राजकीय हाईस्कूल बदलेपुर (चायल), राजकीय हाईस्कूल डड़िया (चायल), राजकीय हाईस्कूल सरसवां, राजकीय इंटर कॉलेज ओसा, राजकीय हाईस्कूल अमिरतापुर सिराथू तथा पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय इंटर कॉलेज देवखरपुर शामिल हैं। कुल 12 विद्यालय इस सूची में हैं।
डीआईओएस ने स्पष्ट किया है कि सभी केंद्र परिषद के नियमों के अनुरूप आवेदन पत्रों का सत्यापन एवं अग्रसारण सुनिश्चित करेंगे, ताकि निजी परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

