Headlines

राजधानी में एंबुलेंस ने 7 लोगों को मारी टक्कर:नशे में धुत एंबुलेंस चालक ने हमीदिया अस्पताल परिसर में दौड़ाई, जांच शुरू




राजधानी के हमीदिया अस्पताल परिसर में शनिवार सुबह सरकारी एंबुलेंस की लापरवाही का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि सरकारी एंबुलेंस का चालक नशे की हालत में था और उसने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के सामने तेज रफ्तार में वाहन दौड़ा दिया। एंबुलेंस की चपेट में 6 साल का एक मासूम बच्चा समेत सात लोग आ गए। घटना शनिवार सुबह की है, लेकिन सोमवार रात एक वीडियो सामने आने के बाद मामला सुर्खियों में आया।
पुलिस के अनुसार ईटखेड़ी निवासी पूजा अहिरवार (29) अपने पति रितिक अहिरवार का इलाज कराने जेठ दुलीचंद अहिरवार के साथ हमीदिया अस्पताल आई थीं। सुबह करीब 7:40 बजे उनके पति और जेठ अस्पताल के अंदर थे, जबकि पूजा इमरजेंसी वार्ड के सामने गेट के पास सामान के साथ खड़ी थीं। तभी सरकारी एंबुलेंस (MP02AV7712) का चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए आया और पूजा को टक्कर मार दी। इसके बाद एंबुलेंस ने वहां खड़े अन्य लोगों को भी अपनी चपेट में ले लिया। देखिए तस्वीरें…
हादसे में 6 वर्षीय मुस्तकीन, 18 माह की आलिया, सोनू रैकवार, नीतू रैकवार, सबीना खान, गुड्डी अहिरवार और पूजा अहिरवार घायल हुए। किसी के सिर, किसी के पैर तो किसी की कमर में चोट आई है। सभी घायलों का इलाज हमीदिया अस्पताल में कराया गया।
हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि एंबुलेंस चालक नशे में था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस या मेडिकल जांच से अभी नहीं हुई है। पुलिस ने पूजा अहिरवार की शिकायत पर एंबुलेंस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की भी जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *