![]()
हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने 15 जुलाई को रामपुर-खड़ाहण-कोटाधार-खोलीघाट मार्ग पर गरटोला के समीप हुई हिमाचल रोडवेज की बस दुर्घटना में घायल हुए लोगों का महात्मा गांधी सेवा चिकित्सालय, रामपुर पहुंचकर कुशलक्षेम जाना। उन्होंने उपचाराधीन घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मंत्री विक्रमादित्य ने चिकित्सकों से घायलों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी घायलों का समुचित एवं बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार दुर्घटना से प्रभावित सभी परिवारों के साथ खड़ी है और घायलों के उपचार में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। घायलों के परिजन बोले- पुरानी बसों को हटाया जाए इस दौरान घायलों के परिजनों ने मंत्री के समक्ष क्षेत्र में संचालित पुरानी बसों के स्थान पर नई एवं बेहतर स्थिति वाली बसें उपलब्ध करवाने की मांग रखी। उनका कहना था कि नई बसों की उपलब्धता से यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी। मंत्री ने परिजनों की मांग को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि वह इस संबंध में मुख्यमंत्री तथा उपमुख्यमंत्री से चर्चा करेंगे। उन्होंने रामपुर उपमंडल के लिए इलेक्ट्रिक बसों की उपलब्धता का मामला संबंधित विभाग के समक्ष उठाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास करने की बात कही। विक्रमादित्य ने तीन लोगों की मौत पर शोक जताया विक्रमादित्य सिंह ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले तीन लोगों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उल्लेखनीय है कि 15 जुलाई को रामपुर-खड़ाहण-कोटाधार-खोलीघाट मार्ग पर गरटोला के समीप हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। बस में कुल 24 यात्री सवार थे, जिनमें से तीन लोगों की मृत्यु हो गई। अन्य घायल यात्रियों का उपचार महात्मा गांधी सेवा चिकित्सालय, रामपुर में जारी है। इस अवसर पर नायब तहसीलदार रामपुर सुरेश नेगी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चन्द शर्मा, विभिन्न पार्टी पदाधिकारी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Source link
रामपुर के अस्पताल पहुंचे मंत्री विक्रमादित्य सिंह:बस एक्सीडेंट के घायलों का हाल जाना, बेहतर उपचार के निर्देश दिए, नई बसों का आश्वासन
