![]()
रामानुजगंज शहर के वार्ड क्रमांक 11 स्थित एक किराना दुकान में बुधवार देर रात भीषण आग लग गई। इस हादसे में दुकान में रखा लाखों रुपये का किराना और दैनिक उपयोग का सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों तक आग नहीं फैल सकी और बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक संतोष केसरी को रात करीब 2 बजे मोहल्ले के एक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उनकी दुकान से धुआं निकल रहा है। सूचना मिलते ही संतोष मौके पर पहुंचे। उन्होंने जैसे ही दुकान का शटर खोला, अंदर आग विकराल रूप ले चुकी थी। लोगों ने मिलकर बुझाई आग आग की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर लगातार पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। समय पर आग बुझ जाने से पास की अन्य दुकानों तक लपटें नहीं पहुंचीं। लाखों रुपये का नुकसान आग में दुकान में रखा किराना सामान, दैनिक उपयोग की वस्तुएं और अन्य सामग्री पूरी तरह जल गई। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस अग्निकांड में दुकानदार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी आग लगने के कारणों का फिलहाल आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। दुकानदार संतोष केसरी ने बताया कि वह रोज की तरह दुकान की बिजली बंद कर घर चले गए थे। उन्होंने आशंका जताई कि किसी ने बाहर से बिजली चालू कर दी होगी, जिससे यह हादसा हुआ हो सकता है। प्रशासन से मदद की मांग घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। पीड़ित दुकानदार ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की है। वहीं संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटा हुआ है।
Source link
रामानुजगंज में किराना दुकान में भीषण आग:लाखों का सामान जलकर खाक, लोगों ने मिलकर आग पर पाया काबू, शॉर्ट सर्किट की आशंका
