![]()
अयोध्या स्थित भगवान श्रीराम मंदिर के चढ़ावे में वित्तीय अनियमितताओं को लेकर निवाड़ी में महिला कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय पर आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक दिवसीय उपवास रखा और शहर में संकीर्तन रैली निकाली। कांग्रेस ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। बड़ी माता मंदिर में किया सद्बुद्धि यज्ञ महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन की शुरुआत जिला मुख्यालय के बड़ी माता मंदिर से की। यहाँ उन्होंने सबसे पहले सद्बुद्धि यज्ञ और भजन-संकीर्तन का आयोजन किया। इसके बाद बड़ी माता मंदिर से लेकर पुलिस थाना परिसर में स्थित हनुमान जी मंदिर तक महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर संकीर्तन रैली निकाली और विरोध दर्ज कराया। बाजार में पर्चे बांटकर जताया विरोध रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्थानीय बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर पर्चे भी बांटे। इन पर्चों में राम जन्मभूमि पर सामने आई कथित चंदा चोरी की घटना को निंदनीय और शर्मनाक बताया गया है। कांग्रेस नेताओं ने इस मामले को लेकर सीधे तौर पर केंद्र सरकार और राम मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मंदिर ट्रस्ट और नियुक्तियों पर उठाए सवाल महिला कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि राम मंदिर ट्रस्ट द्वारा चंदे और चढ़ावे की राशि में बड़े स्तर पर अनियमितताएं की गई हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में संचालित होने वाले इस ट्रस्ट में चंपत राय और अनिल मिश्रा जैसे पदाधिकारियों की नियुक्तियों पर सवाल उठाए। कांग्रेस का आरोप है कि मामले में छोटे आरोपियों को पकड़ा जा रहा है, जबकि मुख्य जिम्मेदार लोगों को बचाया जा रहा है। प्रदर्शन में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राजेश यादव, आनंदी पाल सहित कई कार्यकर्ता और महिलाएं शामिल रहीं।
Source link
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में निवाड़ी कांग्रेस का प्रदर्शन:महिला कांग्रेस ने उपवास रख निकाली संकीर्तन रैली; बाजार में पर्चे बांटकर जताया विरोध
