![]()
रायपुर के भनपुरी इलाके में चंगाई सभा के आयोजन को लेकर शुक्रवार को विवाद की स्थिति बन गई। सेंधवा तालाब के पास महतारी चौक स्थित एक मकान में धार्मिक कार्यक्रम के लिए 25-30 लोगों के जुटने की सूचना के बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मकान को घेर लिया और वहां धर्मांतरण कराए जाने का आरोप लगाया। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। हिंदू संगठनों की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है। शिकायत में मकान में धर्मांतरण कराए जाने का आरोप लगाते हुए आयोजन और इसमें शामिल लोगों की जांच की मांग की गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। घर में सभा आयोजित करने का आरोप हिंदू संगठन के पदाधिकारियों के मुताबिक, सुषमा वर्मा और घनश्याम वर्मा के घर में लोगों के जुटने की जानकारी सामने आई थी। बताया गया कि यहां चंगाई सभा आयोजित की जा रही थी। इसी दौरान हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। संगठन के लोगों का आरोप है कि सभा की आड़ में लोगों का धर्मांतरण कराने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ आयोजन से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने शुरू की जांच पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मकान में किस उद्देश्य से सभा आयोजित की गई थी और वहां मौजूद लोगों की भूमिका क्या थी। जांच के दौरान सभा में शामिल लोगों के बयान लिए जा सकते हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य है। अब पढ़े पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा ने बताया, कि मामलें में हिंदू संगठनों की तरफ से शिकायत मिलने के बाद जांच की जा रही है। विवेचना जारी है। जांच पूरी होने के बाद मामलें में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
रायपुर में चंगाई सभा के आयोजन पर बवाल:हिंदू संगठनों ने घेरा मकान, 25-30 लोग घर में थे मौजूद; पुलिस ने शुरू की जांच
