![]()
ग्वालियर नगर निगम के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (एई) सुशील कटारे को लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार को 6 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई उनकी सेवानिवृत्ति से ठीक एक दिन पहले हुई। ठेकेदार सचिन पचौरी ने लोकायुक्त पुलिस से शिकायत की थी कि उनकी एक फाइल को आगे बढ़ाने के लिए एई सुशील कटारे 36 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त ने कार्रवाई की योजना बनाई। एक दिन पहले ले लिए थे 30 हजार शिकायतकर्ता के अनुसार 36 हजार रुपए की कुल मांग में से 30 हजार रुपए 28 जुलाई को पहले ही आरोपी अधिकारी को दिए जा चुके थे। शेष 6 हजार रुपए देने के लिए फरियादी सचिन पचौरी गुरुवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचे। जैसे ही एई कटारे ने रिश्वत की राशि ली, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान, लोकायुक्त अधिकारियों ने मौके पर आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी कीं। आरोपी अधिकारी को हिरासत में लिया गया, रिश्वत में इस्तेमाल की गई राशि जब्त की गई और पंचनामा तैयार किया गया। लोकायुक्त ने दर्ज किया मामला लोकायुक्त ग्वालियर के पुलिस अधीक्षक निरंजन शर्मा ने बताया कि एग्जीक्यूटिव इंजीनियर सुशील कटारे के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप की कार्रवाई की गई, जिसमें उन्हें 6 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Source link
रिटायरमेंट से एक दिन पहले एई रिश्वत लेते गिरफ्तार:ग्वालियर नगर निगम के सुशील कटारे को लोकायुक्त ने पकड़ा
