Headlines

आहू नदी में डूबने से बुजुर्ग की मौत:पानी भरते समय पैर फिसलने से हादसा, दो दिन से तलाशी कर रहे थे परिजन और पुलिस




झालावाड़ जिले के मंडावर थाना क्षेत्र में आहू नदी में डूबने से एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा पानी भरते समय पैर फिसलने से हुआ। नौलाव गांव निवासी लालचंद कहार का शव गुरुवार सुबह एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीम ने नदी से बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए झालावाड़ अस्पताल लाया गया। एएसआई इशाक ने बताया कि लालचंद कहार (65) पुत्र शंकरलाल कहार 28 जुलाई की शाम को गांव के पास आहू नदी में पानी भरने गए थे। पानी भरते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वे नदी में डूब गए। जब वे काफी समय तक घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। परिजनों को लालचंद का कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने भी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। गुरुवार सुबह नदी में एक शव दिखाई देने पर एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। परिजनों ने शव की पहचान लालचंद कहार के रूप में की। इसके बाद शव को झालावाड़ एसआरजी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। पुत्र रजत की रिपोर्ट पर मंडावर पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिया गया। वह कृषि कार्य करता था। सिविल डिफेंस टीम प्रभारी नरेश नागर के नेतृत्व में टीम अपने संसाधनों के साथ मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालने में सहयोग किया। इस दौरान टीम के विजय भानु, समीर खान, मो कैफ, दानिश खान, बंटी मीणा और आबिद लारा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गौरतलब है कि बारिश के मौसम को देखते हुए झालावाड़ में एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीमें तैनात की गई हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *