Headlines

रीवा-आनंद विहार सुपरफास्ट का 23 अक्टूबर से सतना स्टॉपेज खत्म:रूट बदलकर कैमा-सगमा कार्ड लाइन से चलेगी; व्यापारियों-यात्रियों ने फैसले का विरोध किया




रीवा से आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलने वाली सुपरफास्ट ट्रेन 23 अक्टूबर 2026 से सतना रेलवे स्टेशन पर नहीं रुकेगी। रेलवे ने ट्रेन का रूट बदलकर इसे कैमा-सगमा कार्ड लाइन से चलाने का निर्णय लिया है। इस नए रूट पर ट्रेन का कैमा स्टेशन पर 5 मिनट का ठहराव रहेगा। रेलवे के इस फैसले के बाद स्थानीय स्तर पर विरोध शुरू हो गया है। व्यापारियों की संस्था CAT, सतना चैंबर ऑफ कॉमर्स और क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्यों ने इस निर्णय को अव्यावहारिक बताया है। रेल यात्रियों ने भी इस बदलाव को गलत बताया है। रीवा-आनंद विहार (12427) सुपरफास्ट रीवा से शाम 4:20 बजे रवाना होगी और 5:10 बजे कैमा पहुंचेगी। यहां 5 मिनट रुकने के बाद यह कैमा कार्ड लाइन होते हुए सगमा से गुजरेगी और अगले दिन सुबह 6:40 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। इंजन बदलने में आधा घंटा लगता है
वापसी में, आनंद विहार-रीवा (12428) रात 10:05 बजे आनंद विहार से रवाना होगी। यह अगले दिन सुबह 9:50 बजे सगमा कार्ड लाइन से कैमा पहुंचेगी। 5 मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन रीवा के लिए प्रस्थान करेगी और सुबह 11:10 बजे रीवा पहुंचेगी। रेलवे के अनुसार, इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य सतना स्टेशन पर परिचालन का दबाव और भीड़ कम करना है। वर्तमान में, रीवा-आनंद विहार सुपरफास्ट को सतना में इंजन बदलने में अप और डाउन दोनों दिशाओं में लगभग आधा-आधा घंटा लगता है। इससे अन्य ट्रेनों के संचालन और प्लेटफॉर्म बदलने में समस्या आती है, जिससे यात्रियों को असुविधा होती है। रेलवे बोर्ड के निर्णय के अनुसार, 23 अक्टूबर से आनंद विहार के लिए टिकट की बुकिंग सतना की बजाय कैमा स्टेशन से होगी। 22 अक्टूबर तक सतना से आनंद विहार की बुकिंग जारी रहेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए कैमा स्टेशन पर पीआरएस कम यूटीएस (PRS cum UTS) सुविधा इसी महीने शुरू की गई है। सतना चैंबर और CAT ने जीएम को लिखा पत्र
क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य एवं सतना चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष विवेक अग्रवाल ने पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर फैसले का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि कैमा स्टेशन पर अभी पर्याप्त यात्री सुविधाएं विकसित नहीं हैं। सड़क संपर्क, स्थानीय परिवहन और अन्य जरूरी संसाधनों की कमी के कारण यहां से ट्रेन का संचालन यात्रियों के लिए परेशानी पैदा करेगा। CAT ने भी रेलवे जीएम को पत्र भेजकर कहा है कि कैमा स्टेशन पर पर्याप्त यात्री सुविधाएं और सुगम सड़क संपर्क नहीं होने से बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और दिव्यांग यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी होगी। संगठन ने कहा कि सतना जिला मुख्यालय के साथ प्रमुख व्यावसायिक, शैक्षणिक और औद्योगिक केंद्र है। आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्री रेल यात्रा के लिए सतना स्टेशन पर निर्भर हैं। ऐसे में ट्रेन को सतना से हटाने का निर्णय यात्रियों की सुविधा को सीधे प्रभावित करेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *