![]()
राज्यसभा सदस्य संत सीचेवाल ने रूस में फंसे भारतीय युवाओं की सुरक्षित वापसी के लिए विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को पत्र लिखा है। उन्होंने युद्ध के दौरान लापता हुए युवाओं की तलाश कराने और जान गंवाने वाले नागरिकों के परिवारों को रूसी सरकार से उचित मुआवजा दिलाने के लिए तत्काल कूटनीतिक हस्तक्षेप की मांग की है। संत सीचेवाल ने बताया कि वह इस मुद्दे को लंबे समय से संसद में उठाते रहे हैं और शून्यकाल के दौरान भी इस विषय पर बात रखी। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने इस संबंध में रूस के साथ बातचीत की है, फिर भी कई भारतीय युवा अब भी वहां फंसे हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वह वर्तमान मानसून सत्र के दौरान भी इस मुद्दे को उठाना चाहते थे, लेकिन संसद की कार्यवाही बाधित रहने के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका। भारतीय युवाओं के रूस में फंसे होने के 10 मामले : संत सीचेवाल सीचेवाल ने जानकारी दी कि उनके पास इस समय रूस में फंसे या प्रभावित 10 भारतीय युवाओं के मामले हैं। इनमें कुछ युवा अब भी रूस में फंसे हुए हैं, कुछ लापता हैं और कुछ युद्ध के दौरान अपनी जान गंवा चुके हैं। उन्होंने विशेष रूप से महकप्रीत सिंह के मामले का उल्लेख किया, जो स्टडी वीजा पर रूस गए थे और वर्तमान में हिरासत में हैं। परिवार द्वारा कोर्ट का जुर्माना जमा कराने के बावजूद उन्हें रिहा नहीं किया गया है। सीचेवाल ने गगनदीप सिंह का मामला भी उठाया, जो रूसी सेना में रहते हुए यूक्रेन युद्ध के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए और इस समय अस्पताल में उपचाराधीन हैं। तीन युवक रूस में हुए लापता उन्होंने बताया कि जरनैल सिंह, हरविंदर सिंह और जगरूप सिंह लंबे समय से रूसी सेना में लापता हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से रूसी अधिकारियों के साथ संपर्क कर उनकी तलाश कराने तथा उनके परिवारों को सही जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। उन्होंने अमृतसर के हीरा सिंह के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका पार्थिव शरीर अब तक भारत नहीं पहुंच सका है। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार रूसी अधिकारियों के साथ समन्वय कर पार्थिव शरीर को भारत लाने तथा परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्काल कदम उठाए। उन्होंने यह भी कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध में मारे गए भारतीय युवाओं के परिवारों को रूसी सरकार से मिलने वाला उचित मुआवजा दिलाने के लिए केंद्र सरकार पहल करे। संत सीचेवाल बोले- अवैध एजेंटों के नेटवर्क की हो जांच उन्होंने कहा कि मानव तस्करी और अवैध एजेंटों के नेटवर्क की भी गहन जांच होनी चाहिए, क्योंकि कई एजेंट युवाओं की कमाई और बैंक खातों पर भी कब्जा कर लेते हैं, जबकि पीछे उनके परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से गंभीर कठिनाइयों का सामना करते हैं। संत सीचेवाल ने कहा कि अविनाश कुमार, विशाल सिंह, रणजीत सिंह, रमणजीत सिंह और सिकंदर सिंह सहित कई अन्य भारतीय युवा भी रूस में फंसे हुए हैं। उनके परिवार लगातार चिंता और अनिश्चितता के बीच जीवन बिता रहे हैं। उन्होंने अपील की कि भारतीय दूतावास और विदेश मंत्रालय तत्काल प्रभावी हस्तक्षेप कर सभी भारतीय युवाओं की सुरक्षा और स्वदेश वापसी सुनिश्चित करें। संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने बताया कि कुछ प्रभावित परिवारों का दावा है कि रूस में कुछ भारतीय युवाओं को जानबूझकर कानूनी और प्रशासनिक पेचों में फंसा दिया जाता है। इसके बाद उन्हें हिरासत या अन्य प्रकार के दबाव में रखकर रूसी सेना में भर्ती होने के लिए मजबूर करने की कोशिश की जाती है। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि इस मामले को रूसी अधिकारियों के समक्ष पूरी गंभीरता से उठाकर निष्पक्ष जांच कराई जाए।
Source link
रूस में फंसे युवाओं की वापसी कराए केंद्र सरकार:राज्यसभा सांसद संत सीचेवाल ने लिखा विदेश मंत्री को लेटर, बोले- हस्तक्षेप करे सरकार
