![]()
रेवाड़ी जिले के शिक्षा विभाग से जुड़े कार्यों के लिए अब जिले के लोगों और शिक्षकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। रेवाड़ी के सेक्टर-4 में नया ‘शिक्षा सदन’ शुरू किया गया है। यहां जिला शिक्षा अधिकारी (DEO), जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (DEEO) सहित शिक्षा विभाग के विभिन्न कार्यालयों को एक ही परिसर में शिफ्ट कर दिया गया है। जर्जर भवन से मिली राहत इससे पहले शिक्षा विभाग के कार्यालय अलग-अलग स्थानों पर संचालित हो रहे थे। बड़ा तालाब स्थित कार्यालय का भवन लंबे समय से जर्जर हालत में था और इसके बाहर डंपिंग यार्ड होने के कारण कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। वहीं सेक्टर-4 स्थित एक स्कूल की इमारत भी लंबे समय से खाली पड़ी थी। भवन परिसर में गंदगी और झाड़ियां होने के कारण इसका उपयोग नहीं हो रहा था। विधायक के प्रयासों से बदली तस्वीर मामला रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से बातचीत कर सेक्टर-4 की खाली पड़ी इमारत को शिक्षा सदन के रूप में विकसित करने की मंजूरी दिलाई। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने अपने स्तर पर आर्थिक सहयोग करते हुए कई दिनों तक जेसीबी की मदद से परिसर की सफाई कराई और भवन को उपयोग के योग्य बनाया। अधिकारियों की सराहना, स्वच्छता पर जोर शिक्षा सदन के शुभारंभ अवसर पर विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने परिसर की सफाई और जीर्णोद्धार में योगदान देने वाले अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि एक ही स्थान पर सभी कार्यालय आने से आमजन और शिक्षकों को सुविधा मिलेगी। बेहतर कार्य वातावरण से अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी। विधायक ने शिक्षा सदन परिसर में अधिक से अधिक पौधारोपण करने और स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया। शिक्षक संगठनों ने जताया आभार शिक्षा सदन की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ, सर्वकर्मचारी संघ हरियाणा और स्कूल टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया ने खुशी जताई। संघ के अध्यक्ष महावीर यादव सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, शिक्षा मंत्री, विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र सिंह और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रदीप दहिया का आभार व्यक्त किया। नए शिक्षा सदन के शुरू होने से शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्याप्त स्थान, बेहतर बैठने की सुविधा और स्वच्छ वातावरण मिला है। वहीं जिले के शिक्षकों और आमजन को भी शिक्षा विभाग से जुड़े कार्यों के लिए एक ही परिसर में सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
Source link
रेवाड़ी को मिला नया ‘शिक्षा सदन’,:एक छत के नीचे आए शिक्षा विभाग के सभी कार्यालय, नही काटने पड़ेगे ऑफिसों के चक्कर
