![]()
भाड़ावास चौकी पुलिस ने वारदात के बाद 24 घंटे के अंदर शातिर महिला चोर को गिरफ्तार किया है। जिसके पास से पुलिस ने 24,900 रुपए कैश भी बरामद किया है। आरोपी मंदिर में श्रद्धालुओं और बाजार में भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिलाओं को निशाना बनाती थी। जिसकी पहचान गांव धामलाका निवासी निर्मला के रूप में हुई है। जिसके खिलाफ पहले से मॉडल टाउन थाने में नशा तस्करी का केस दर्ज है। मंदिर में पूजा के दौरान की चोरी जांच अधिकारी ने बताया कि 25 अगस्त को गांव चांदनवास निवासी शीला देवी ने भाड़ावास चौकी पुलिस को शिकायत दी थी। जिसमें बताया कि वह रेवाड़ी के हनुमान मंदिर में पूजा करने गई थी। जब वह लाइन में खड़ी थी तो एक महिला ने उसके बैग की चेन खोलने का प्रयास किया, भीड़ के कारण उसने उसे अनदेखा कर दिया। वह महिला उसके पीछे-पीछे शनि मंदिर और बाबा मोहन राम मंदिर तक पहुंच गई। मंदिर में दर्शन के बाद जब उसने बैग चेक किया तो 20 हजार रुपए गायब मिले। शिकायत करने पर मंदिर समिति ने सीसीटीवी की जांच की तो महिला बैग के साथ छेड़छाड़ करती दिखाई दी। सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में कबूली दूसरी वारदात गिरफ्तारी के बाद आरोपी महिला ने एक और चोरी की वारदात कबूल की। पूछताछ में बताया कि उसने उसी दिन बाजार में अजीज गारमेंट्स की दुकान पर एक महिला के बैग से 5 हजार रुपए चोरी किए थे। पुलिस ने आरोपी महिला के पास से चोरी किए गए 24,900 रुपए बरामद कर लिए।
Source link
रेवाड़ी में महिला शातिर चोर गिरफ्तार; ₹24,900 की नकदी बरामद:मंदिर में श्रद्धालुओं- बाजार में महिलाओं को बनाती थी निशाना; पहले NDPS का केस
