![]()
मंडी में मंगलवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की जिला इकाई ने युवाओं को रोजगार देने के चुनावी वादे को पूरा नहीं करने के आरोप में कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का पुतला फूंका और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। इस दौरान पुलिस और भाजयुमो कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। हालांकि, कार्यकर्ता प्रदर्शन पर डटे रहे। भाजयुमो जिलाध्यक्ष योगराज डोगरा ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले पहली कैबिनेट में एक लाख और पांच साल में पांच लाख नौकरियां देने का वादा किया था। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार के चार साल पूरे होने वाले हैं, लेकिन युवाओं को रोजगार देने का वादा अब तक पूरा क्यों नहीं हुआ। डोगरा का आरोप- गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के हजारों युवा निराश डोगरा ने आरोप लगाया कि सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के हजारों युवा निराश हैं। सरकार स्थायी रोजगार देने के बजाय अलग-अलग नामों से अस्थायी नियुक्तियां कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि रोजगार के मुद्दे पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भाजयुमो अपना आंदोलन और तेज करेगा। मंडी से शुरू हुआ विरोध प्रदेश के अन्य हिस्सों तक ले जाने की बात भी कही गई।
Source link
रोजगार के वादे पर मंडी में भाजयुमो का प्रदर्शन:CM सुक्खू का पुतला फूंका, बोले- 4 साल में वादा पूरा नहीं; आंदोलन तेज करेंगे
