रोडवेज बस की टक्कर से रिटायर्ड टीचर की मौत:लाइसेंसी गन को थाने में जमा कराने बाइक से जा रहे थे




भीलवाड़ा में रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार रिटायर्ड टीचर की मौके पर ही मौत हो गई। बस ट्रक को ओवरटेक कर रही थी, इसी दौरान बाइक को चपेट में ले लिया। रिटायर्ड टीचर आचार संहिता के चलते अपनी लाइसेंसी बंदूक थाने में जमा कराने सहाड़ा से गंगापुर जा रहे थे। हादसे के बाद परिजन और समाज के लोग हॉस्पिटल व मॉर्च्युरी के बाहर जुट गए और 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता व परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। बाद में SDM की समझाइश और उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए। हादसा भीलवाड़ा के गंगापुर थाना क्षेत्र में शनिवार को NH-758 पर हुआ। बंदूक थाने में जमा कराने बाइक से निकले थे जानकारी के अनुसार, चुनावी आचार संहिता के चलते लाइसेंसी हथियार थाने में जमा कराने के लिए सहाड़ा निवासी रिटायर्ड शिक्षक सलीम मोहम्मद (67) बाइक से गंगापुर आ रहे थे। इस दौरान गंगापुर थाना क्षेत्र में NH-758 पर रोडवेज बस ट्रक को ओवरटेक कर रही थी। तभी बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सलीम मोहम्मद की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने रोडवेज बस जब्त की, शव मॉर्च्युरी में रखवाया हादसे की सूचना मिलते ही गंगापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को एंबुलेंस की मदद से गंगापुर सेटेलाइट हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की और बूंदी डिपो की रोडवेज बस को जब्त कर लिया। 50 लाख रुपए सहायता और सरकारी नौकरी की मांग हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन, समाज के लोग और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग हॉस्पिटल परिसर और मॉर्च्युरी के बाहर जमा हो गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने ड्राइवर की लापरवाही और तेज रफ्तार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी मृतक के आश्रित परिवार को 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग पर अड़ गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए SDM विवेक गुर्जर पुलिस अधिकारियों के साथ मॉर्च्युरी पहुंचे। उन्होंने परिजनों और समाज के लोगों से बातचीत की और निष्पक्ष जांच के साथ नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए। पुलिस ने परिजनों की सहमति के बाद पोस्टमॉर्टम करवाकर शव उन्हें सुपुर्द कर दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *