![]()
नाथद्वारा में शनिवार को राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने जनसुनवाई कर आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनसुनवाई केंद्र पर बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याएं सांसद के समक्ष रखीं। इस दौरान सांसद ने कई मामलों में मौके पर ही प्रशासनिक अधिकारियों से फोन पर बात कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सांसद ने भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों व विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया एवं सार्वजनिक मंचों पर संयमित भाषा का प्रयोग करने व केवल तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखने की अपील की। जनसुनवाई के दौरान लालबाग संघर्ष समिति ने नेशनल हाईवे पर लंबित ओवरब्रिज निर्माण का मुद्दा उठाते हुए बताया कि निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। समिति ने 15 दिन में काम शुरू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस पर सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए आश्वासन दिया कि वे आगामी दो दिनों में परियोजना निदेशक से चर्चा कर समस्या के समाधान का प्रयास करेंगी।
Source link
लालबाग ओवरब्रिज का मुद्दा उठा, 15 दिन का दिया अल्टीमेटम:कहा-काम नहीं तो आंदोलन; सांसद बोलीं-प्रोजेक्ट डायरेक्टर से बात करूंगी
