![]()
लाहौल-स्पीति जिला परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद को लेकर चल रहा इंतजार खत्म हो गया। सोमवार को हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर चुनावों में जिला परिषद अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित जिला परिषद सदस्य ठिनले दिचेन ने जीत हासिल की। ठिनले दिचेन जिला परिषद के काजा वार्ड से विजयी रही हैं। अध्यक्ष पद की दौड़ में उन्होंने कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार शशि किरण को एक वोट से पराजित किया। अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में ठिनले दिचेन को पांच वोट मिले, जबकि शशि किरण के पक्ष में चार वोट पड़े। इस तरह महज एक वोट के अंतर से ठिनले दिचेन ने अध्यक्ष पद अपने नाम कर लिया। चुनाव से पहले जिला परिषद में कांग्रेस समर्थित चार, भाजपा समर्थित तीन और विकास मंच समर्थित दो सदस्य थे। अध्यक्ष पद पर भाजपा की जीत के बाद उपाध्यक्ष पद का चुनाव भी हुआ। यहां कांग्रेस समर्थित जिला परिषद सदस्य सुरेश कुमार ने बाजी मारी। सुरेश लाहौल के बरपा वार्ड से विजयी हुए थे। सुरेश कुमार को कुल छह वोट मिले, जबकि विकास मंच समर्थित रंजीत को तीन वोट प्राप्त हुए। इस तरह सुरेश कुमार ने तीन वोट के अंतर से उपाध्यक्ष पद पर कब्जा कर लिया। इस चुनाव परिणाम से जिला परिषद में अध्यक्ष पद भाजपा समर्थित और उपाध्यक्ष पद कांग्रेस समर्थित सदस्य के पास चला गया है। डीसी ने संपन्न करवाई चुनाव प्रक्रिया चुनाव प्रक्रिया की अध्यक्षता डीसी एवं जिला परिषद चुनाव प्रक्रिया की अध्यक्षता कर रहीं किरण भड़ाना ने चुनाव परिणाम घोषित किए। चुनाव प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस समर्थित चारों, भाजपा समर्थित तीनों और विकास मंच समर्थित दोनों जिला परिषद सदस्य मौजूद रहे। इससे कुल नौ सदस्यों की मौजूदगी में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ। 21 सितंबर को टला था चुनाव इससे पहले 21 सितंबर को कोरम पूरा नहीं होने के कारण अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव टल गया था। उस बैठक में केवल कांग्रेस समर्थित चार सदस्य पहुंचे थे, जिसके बाद 5 अक्तूबर को चुनाव की नई तारीख तय की गई थी। अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित सदस्य की जीत पर पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रवि ठाकुर ने ठिनले दिचेन की जीत पर पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
Source link
लाहौल-स्पीति जिला परिषद अध्यक्ष पद पर BJP का कब्जा:ठिनले दिचेन बनीं अध्यक्ष; कांग्रेस समर्थित सुरेश कुमार को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
