लुधियाना के पक्खोवाल रोड पर फिर धंसी सड़क:दोनों तरफ रिहायशी इलाके, नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल




लधियाना के पक्खोवाल रोड पर आज एक बार फिर सड़क धंसने से गंभीर स्थिति पैदा हो गई। नहर की तरफ से पार्क प्लाजा की ओर जाते समय अरिस्टोक्रेट गैलरी और इम्पीरियल होटल के पास मुख्य सड़क पर अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया। इस स्थान के आसपास सड़क धंसने की यह कथित तौर पर तीसरी घटना है। यह सड़क शहर के व्यस्त मार्गों में शामिल है और यहां से गुजरने वाले वाहन अक्सर तेज रफ्तार में होते हैं। ऐसे में अचानक सड़क धंसने से बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है। सड़क के दोनों तरफ रिहायशी इलाके हैं और कई जगहों से अंदरूनी सड़कें भी जुड़ती हैं, जिससे खतरा और बढ़ जाता है। सबसे गंभीर सवाल यह है कि इस सड़क का निर्माण या मरम्मत कुछ समय पहले ही किए जाने की बात सामने आई है। इसके बावजूद दोबारा सड़क धंसने से सड़क निर्माण की गुणवत्ता, नीचे बिछे सीवरेज नेटवर्क, ड्रेनेज व्यवस्था और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि इलाके में कई वीआईपी, जनप्रतिनिधि, विधायक और पार्षद रहते हैं। ऐसे प्रमुख इलाके की सड़क बार-बार धंस रही है तो शहर के अन्य इलाकों में सड़क और सीवरेज व्यवस्था की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। खास बात यह है कि पिछले दो दिनों में इलाके में कोई बड़ी बारिश भी नहीं हुई है। इसके बावजूद सड़क धंसने की घटना सामने आई है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर सड़क के नीचे ऐसा क्या हो रहा है, जिसके कारण बार-बार जमीन धंस रही है। सिर्फ गड्ढा भरने से नहीं चलेगा काम मानसून अभी जारी है और आने वाले दिनों में कभी भी बारिश हो सकती है। ऐसे में नगर निगम को केवल सड़क के दिखाई दे रहे गड्ढे को भरने की बजाय इसके मूल कारण की जांच करनी होगी। सीवरेज लाइन, ड्रेनेज सिस्टम, रोड गलियों और सड़क के नीचे मौजूद अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर की तकनीकी जांच जरूरी है। नगर निगम को प्रभावित हिस्से की तत्काल बैरिकेडिंग कर वाहनों और लोगों की आवाजाही को सुरक्षित करना चाहिए। इसके बाद विशेषज्ञों की टीम से सड़क के नीचे की स्थिति की जांच करवाकर सीवरेज और ड्रेनेज व्यवस्था में संभावित लीकेज या अन्य खामी को दूर करना चाहिए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *