![]()
लुधियाना में पॉश इलाके बसंत सिटी में लुटेरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने एक बंद गली में डिलीवरी बॉय को घेर कर हथियारों के बल पर लूट लिया पूरी वारदात वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कैसे खौफनाक तरीके से इस घटना को अंजाम दिया गया। CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि शाम के करीब 4:20 बजे गली में कुछ गाड़ियां खड़ी हैं। इसी दौरान दो बदमाश एक डिलीवरी बॉय को अपना शिकार बनाते हैं। डिलीवरी बॉय अपने काम से गली में आता है, लेकिन गली आगे से बंद होने के कारण वह फंस जाता है। दातर लेकर दौड़े बदमाश फुटेज में साफ़ दिखाई दे रहा है की डिलीवरी बॉय को खतरे का अहसास होता है, तो वह वहां से भागने की कोशिश करता है। लेकिन बदमाश उसका पीछा करते हैं। कैमरे में साफ नजर आ रहा है कि एक बदमाश के हाथ में तेजधार हथियार (दातर) है। भागने में नाकाम रहने पर बदमाश उसे पकड़ लेते हैं। हथियार का डर दिखाकर डिलीवरी बॉय की जेब से उसका मोबाइल और नकदी लूट लेते हैं। घटना के बाद दोनों लुटेरे वहां से फरार हो जाते हैं। चीखता रहा युवक, कोई बाहर नहीं आया इस पूरी घटना का में लुटेरे डिलीवरी बॉय को हथियार दिखाकर लूट रहे थे, तब वह दहशत में जोर-जोर से चीख रहा था। उसने मदद के लिए गुहार लगाई, लेकिन दहशत और डर का आलम यह था कि आसपास के घरों से कोई भी व्यक्ति उसकी मदद के लिए बाहर नहीं निकला। पुलिस के लिए चुनौती दिनदहाड़े हुई इस घटना ने इलाके के लोगों में खौफ पैदा कर दिया है। पॉश इलाके में इस तरह की सरेआम लूटपाट सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करती है। अब यह देखना होगा कि इस CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस इन लुटेरों की पहचान कर उन्हें कब तक सलाखों के पीछे पहुंचा पाती है।
Source link
लुधियाना में डिलीवरी बॉय को दातर दिखाकर लूटा:चीखता रहा युवक, डर के मारे घरों से नहीं निकले लोग; वारदात CCTV में कैद
