![]()
लुधियाना के थाना सलेम टाबरी क्षेत्र के तहत आती गगनदीप कॉलोनी में सरपंच की दबंगई का मामला सामने आया है। सीवर का ढक्कन बंद कराने की बात से नाराज सरपंच अपने दर्जनों समर्थकों के साथ पीड़ित के घर में घुस आया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि कालोनी में जमकर ईंट पत्थर चलने लगे। कुछ लोगों ने घरों की छत्तों से वीडियोग्राफी भी की। आरोपियों ने परिवार के सदस्यों की जमकर पिटाई की, घर का सामान व मोटरसाइकिल तोड़ दिया। हमलावरों ने जान से मारने की धमकियां दी और फरार हो गए। जानिए क्या है पूरा विवाद?
शिकायतकर्ता गुरजंट सिंह उर्फ बिट्टू निवासी गली नं. 1, गगनदीप कॉलोनी ने बताया कि मैं सुबह सब्जी लेकर आ रहा था। रास्ते में सीवरेज खुला था। मैंने सरपंच से कहा कि इसका ढक्कन लगवा दे, राहगीरों पर गंदे छींटे पड़ जाते है। इतने में गुस्से में आकर सरपंच ने मुझे अपशब्द बोले। मैं वहां से अपने घर चला गया। मैं पुलिस को सूचना देने गया इतने में सरपंच ने बड़ी संख्या में लड़के बुलाकर मेरे घर पर हमला कर दिया। इन हमलावरों ने मेरा पूरा घर तोड़ दिया। हमलावरों ने मेरी दिव्यांग बेटी के सिर पर कांच की बोतलें मारी है। घर पर जब हमलावरों ने ईंट पत्थर बरसाए तो हमने तुरंत इनकी वीडियोग्राफी कर ली। मेरी सवा लाख की बाइक जिसकी मैं किश्तें दे रहा हूं उसे हमलावरों ने तोड़ दिया। पानी की टंकी तक फोड़ दी। उधर, सरपंच तरुण ने कहा कि मैं अपने बच्चों के लिए चन्ने-भटूरे लेने जा रहा था। इतने में रास्ते में मुझे गांव के गुरजंट सिंह ने रोक लिया। उसने मुझे गलत लहजे में कहा कि ओए सरपंचां ये सीवरेज का ढक्कन ठीक करवा। मैंने उसे कहा कि आप थोड़ा लयाकत में बात कीजिए। मैंने संबंधित विभाग से कहा है वह सफाई करवा देंगे। मुझे गाली देकर कहा कि तू किस बात का सरपंच है। गुरजंट का किसी के साथ केस चल रहा था। वह लड़का अदालत से बरी होकर आ गया। गुरजंट का परिवार उससे 2 लाख की मांग कर रहा था। यह भी रंजिश है कि इन्हें पैसे नहीं मिले। मुझे कहा जा रहा है कि तेरी वजह से हमें 2 लाख नहीं मिले। मुझ से तीन से चार बार ये लोग पहले भी पंगा डाल चुके है। मेरी इनसे कोई रंजिश नहीं है। कई बार मैंने खुद इनके कागजों पर मोहरें लगाई है। ये चुनाव में भी मेरे विपक्ष में खड़े थे लेकिन मैंने भी इन्हें अपना विरोधी नहीं माना। जहां मिलते है इनका सम्मान करता था। प्रशासन से मांग है कि इलाके में वेरीफिकेशन इनकी जरूर करवाई जाए। इस मामले में पुलिस ने तरुण कुमार (सरपंच), मन्ना (पंच), राजू (पंच), घई बाबा, गोरा, बंटी उर्फ कालू, शान, लाला, गौतम वरुण उर्फ शूटर, वरुण का भाई, मनी, गंजू, सोनू उर्फ बादाम, जग्गी, दीपू. पम्मा, काका (गौतम का भाई) सहित 15 से 20 अन्य अज्ञात व्यक्तियों पर मामला दर्ज किया है। थाना सलेम टाबरी पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 333, 115(2), 191(3), 190, 324(4) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link
लुधियाना में सरपंच की दबंगई:सीवरेज का ढक्कन बंद करने को कहा तो भड़का,35 समर्थकों के साथ घर में घुसकर की मारपीट
