![]()
लुधियाना में 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम को लेकर 2 किशोरों के बीच शुरू हुआ विवाद बाद में उनके परिजनों के बीच हिंसक झड़प में बदल गया। थाना डेहलों पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद 3 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, ग्यासपुरा निवासी राजविंदर सिंह (37) ने शिकायत में बताया कि उसके बेटे सहजदीप सिंह और उसके मामा धर्मजीत सिंह के बेटे के बीच 10वीं कक्षा के परीक्षा अंकों को लेकर विवाद हो गया था। समझौते के लिए पहुंचे, लेकिन हो गई मारपीट
शिकायतकर्ता के मुताबिक, 3 जून को वह अपने बेटे सहजदीप सिंह के साथ गांव जस्सोवाल स्थित धर्मजीत सिंह के घर विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाने गया था। लेकिन समझौता होने के बजाय वहां कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट में बदल गया। राजविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि धर्मजीत सिंह, उसके बेटे और शरणजीत सिंह उर्फ बब्बू ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने उसके गले से सोने की चेन भी छीन ली।
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह और उसका बेटा किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। जांच के बाद दर्ज हुई एफआईआर
शिकायत की जांच के बाद थाना डेहलों पुलिस ने धर्मजीत सिंह, उसके बेटे तथा शरणजीत सिंह उर्फ बब्बू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 126(2) (गलत तरीके से रोकना), 351(2) (आपराधिक धमकी) और 3(5) (समान आशय) के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस बोली- जांच जारी
मामले के जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल दलजीत सिंह ने बताया कि शिकायत में लगाए गए आरोपों का सत्यापन करने के बाद मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
लुधियाना में 10वीं के अंकों को लेकर विवाद:समझौते के लिए पहुंचे पिता-पुत्र से मारपीट; चेन झपटने का लगाया आरोप
