![]()
लोहारू में नगरपालिका कर्मचारियों की हड़ताल को 19 दिन हो गए हैं, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कूड़ा उठान न होने के कारण बाजारों, मुख्य चौकों, सड़क किनारों और सार्वजनिक स्थानों पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं। इन ढेरों के लगातार बढ़ने से दुकानदारों, राहगीरों और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर के परशुराम चौक, सब्जी मंडी, मस्जिद के सामने और फरटिया रोड जैसे प्रमुख स्थानों पर कचरे के बड़े-बड़े ढेर जमा हो गए हैं। इन व्यस्त इलाकों से बड़ी संख्या में लोग रोजाना गुजरते हैं। कई दिनों से जमा कूड़े से उठने वाली दुर्गंध ने आसपास के वातावरण को दूषित कर दिया है। राहगीरों का कहना है कि इन ढेरों के पास से गुजरते समय उन्हें अक्सर अपना मुंह ढकना पड़ता है। हवा चलने से सड़कों पर फैल रहा कचरा हवा चलने पर प्लास्टिक और अन्य हल्का कचरा सड़कों पर फैल रहा है, जिससे बाजारों और मुख्य रास्तों की स्थिति और बिगड़ गई है। दुकानदारों ने बताया कि उनकी दुकानों के पास कचरा जमा होने से ग्राहकों को असुविधा हो रही है, और दुर्गंध के कारण दुकान पर बैठना भी मुश्किल हो गया है। सब्जी मंडी जैसे व्यस्त स्थानों पर कचरा जमा होने से राहगीरों को आवागमन में भी बाधा आ रही है। स्थानीय निवासियों ने चिंता व्यक्त की है कि यदि समय रहते कचरा नहीं उठाया गया, तो आने वाले दिनों में यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है। एसडीएम से भी कर चुके हैं मुलाकात स्थानीय लोगों ने बताया कि शहर में लगातार बढ़ रही गंदगी की समस्या को लेकर वे एसडीएम लोहारू से मुलाकात कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने शहर के प्रमुख स्थानों पर जमा कूड़े को उठवाने तथा सफाई व्यवस्था बहाल करवाने की मांग रखी थी। इसके बावजूद कई स्थानों पर अभी भी कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कदम उठाने चाहिए, क्योंकि सफाई सीधे तौर पर आमजन के स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है। दुकानदारों ने प्रशासन से की अस्थायी व्यवस्था की मांग दुकानदार जगबीर बेकरी, राजेश सैनी, राकेश, प्रदीप, अशोक आदि ने प्रशासन से मांग की है कि नगरपालिका कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होने तक शहर में अस्थायी सफाई व्यवस्था लागू की जाए। उन्होंने कहा कि कम से कम मुख्य बाजारों, चौकों, धार्मिक स्थलों के आसपास, सब्जी मंडी और प्रमुख सड़कों से नियमित रूप से कचरा उठाया जाए। दुकानदारों ने कहा कि शहर में आने वाले लोगों और स्थानीय नागरिकों को गंदगी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। यदि जल्द ही कूड़े के ढेर नहीं हटाए गए तो समस्या और बढ़ सकती है। उन्होंने प्रशासन से कचरा उठान के लिए वैकल्पिक वाहन और कर्मचारियों की व्यवस्था करने की मांग की है। नगरपालिका प्रधान बोले- हड़ताल खत्म होने के करीब वहीं इस मामले में नगरपालिका प्रधान प्रदीप बंटी तायल ने कहा कि नगरपालिका कर्मचारियों की हड़ताल अब खत्म होने की स्थिति में है। कर्मचारियों की मांगों और समस्याओं को सरकार तक पहुंचाया जा रहा है। कर्मचारियों की ओर से अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन भी दिया गया है और सरकार स्तर पर इस मामले को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हड़ताल समाप्त होने के बाद शहर की सफाई व्यवस्था को दोबारा व्यवस्थित तरीके से शुरू किया जाएगा और जमा कचरे को हटाने का कार्य करवाया जाएगा।
Source link
लोहारू में 19 दिन से सफाई नहीं:शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर, नगर पालिका प्रधान बोले- हड़ताल खत्म होने वाली
