![]()
बठिंडा में पंजाब राज्य मानवाधिकार आयोग और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ मानवाधिकार आयोग के सदस्य पद्मश्री जितेंद्र सिंह शंटी ने फर्जी वीजा, नकली ऑफर लेटर और विदेश भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करने वालों के खिलाफ जानकारी देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने के लिए मानवाधिकार आयोग गंभीरता से काम कर रहा है। शंटी ने शनिवार को भारतीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल रामपुरा और स्टार व्यू रिजॉर्ट भगता भाईका में आयोजित मानवाधिकार जागरूकता एवं जनसुनवाई कैंप में लोगों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। फर्जी वीजा और नकली ऑफर लेटर पर सख्ती पद्मश्री शंटी ने कहा कि विदेश भेजने के नाम पर लोगों के साथ धोखाधड़ी करने वाले गिरोह गंभीर मामला हैं। उन्होंने फर्जी वीजा, नकली ऑफर लेटर, फर्जी शादी और विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उनके साथ इस तरह की धोखाधड़ी हुई है या उन्हें किसी गिरोह के बारे में जानकारी है, तो संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दें। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कानून के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। WhatsApp पर भी भेज सकते हैं शिकायत मानवाधिकार से जुड़ी शिकायतें आयोग के WhatsApp नंबर 9855475547 पर भी भेजी जा सकती हैं। शिकायतकर्ता अपने आवेदन के साथ आधार कार्ड और पुलिस या किसी अन्य संबंधित संस्थान को पहले दी गई शिकायत की कॉपी भेज सकते हैं। आयोग के अनुसार शिकायत मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा लोग आयोग के कार्यालय सेक्टर-34 ए, बिल्डिंग नंबर 220, चंडीगढ़ में संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों की मौके पर सुनवाई जनसुनवाई कैंप के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। शंटी ने लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों से मामलों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोगों की शिकायतों के निपटारे में संवेदनशीलता और तत्परता बरती जाए। उनका कहना था कि मानवाधिकार आयोग का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की रक्षा करना और लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की अपील रामपुरा स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शंटी ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से खुद नशे से बचने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी भूमिका निभानी होगी। जागरूकता के जरिए युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से बचाने का प्रयास किया जाना चाहिए। प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं से बेहतर तालमेल पर जोर शंटी ने जिला प्रशासन बठिंडा की ओर से किए जा रहे जनकल्याण कार्यों की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों से लोगों की समस्याओं और शिकायतों पर अधिक संवेदनशीलता से काम करने को कहा। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं और एनजीओ की भूमिका की भी सराहना की और जिला प्रशासन को ऐसी संस्थाओं के साथ बेहतर तालमेल बनाकर सामाजिक कार्यों को मजबूत करने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) कंचन, एसडीएम रामपुरा बलकरण सिंह, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ऊषा गोयल, जिला प्रोग्राम अधिकारी पंकज कुमार, एसपी बठिंडा आसवंत धालीवाल, नगर पंचायत भगता भाईका के प्रधान जगसीर सिंह, लाइफकेयर फाउंडेशन के सतीश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Source link
विदेश भेजने का झांसा देने वालों पर होगी कार्रवाई:मानवाधिकार आयोग सदस्य शंटी बोले-पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने हेतु आयोग गंभीरता से कर रहा है काम
