Headlines

भाद्रपद पूर्णिमा पर जसोलधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब:मां माजीसा के जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर, एक साल में 13 लाख खेजड़ी लगाने का संकल्प




भाद्रपद पूर्णिमा के अवसर पर जसोलधाम स्थित श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही बड़ी संख्या में भक्त जसोलधाम पहुंचे। मंदिर परिसर में मां माजीसा के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने विभिन्न देवस्थानों में दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं ने श्री राणीसा भटियाणीसा के साथ श्री बायोसा, श्री सवाई सिंह जी, श्री लाल बन्ना सा, श्री खेतलाजी और श्री काला-गौरा भैरूजी के मंदिरों में भी दर्शन किए। इस अवसर पर पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी और शिव विधायक रवीन्द्र सिंह भाटी भी जसोलधाम पहुंचे। दोनों ने मां राणीसा भटियाणीसा के दर्शन किए और सभी देवस्थानों में पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की खुशहाली की मंगलकामना की। भाटी ने मंदिर संस्थान के विकास कार्यों की सराहना की दर्शन के बाद विधायक रवीन्द्र सिंह भाटी ने संस्थान अध्यक्ष रावल किशन सिंह जसोल के मार्गदर्शन में चल रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने श्रद्धालुओं और युवाओं से ‘एक पेड़ माँ माजीसा के नाम’ अभियान को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। भाटी ने कहा कि खेजड़ी मरुधरा की जीवनरेखा होने के साथ राजस्थान की संस्कृति, परंपरा और आस्था से जुड़ा पूजनीय वृक्ष है। मां माजीसा के नाम लगाया गया प्रत्येक खेजड़ी का पौधा आस्था के साथ प्रकृति संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक बने। एक साल में 13 लाख खेजड़ी लगाने का संकल्प श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान की ओर से भाद्रपद शुक्ल पक्ष त्रयोदशी के अवसर पर ‘एक पेड़ माँ माजीसा के नाम’ अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत आगामी एक वर्ष में भक्तों की सहभागिता से 13 लाख खेजड़ी के पौधे लगाने का आह्वान किया गया है। विधायक भाटी ने विशेषकर युवाओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा स्वयं खेजड़ी का पौधा लगाएं और परिवार, मित्रों व आसपास के लोगों को भी पौधरोपण के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि पौधा लगाने के साथ उसकी देखभाल करना भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पौधे से वृक्ष बनने तक सहेजने की अपील भाटी ने कहा कि भक्त अपने घर, खेत या अन्य उपयुक्त स्थान पर मां माजीसा के नाम खेजड़ी का पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करें। पौधे के वृक्ष बनने की यात्रा को आस्था से जोड़कर सहेजने का आह्वान किया गया। उन्होंने कहा कि धार्मिक मान्यताओं में खेजड़ी को मंगल और समृद्धि से भी जोड़ा जाता है। ऐसे में यह अभियान आस्था, पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी को जोड़ने का माध्यम बन सकता है। सोशल मीडिया के जरिए भी अभियान से जुड़ने की अपील विधायक ने युवाओं से अपने लगाए खेजड़ी के पौधे के साथ सेल्फी लेकर श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान के सोशल मीडिया पेजों को टैग करने का आग्रह किया। उन्होंने विशेष रूप से मां माजीसा के जन्मोत्सव पर पौधे के साथ तस्वीर साझा करने की अपील की, ताकि पौधे से वृक्ष बनने तक की यात्रा को यादगार बनाया जा सके। उन्होंने भजन संध्याओं, धार्मिक आयोजनों और सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी खेजड़ी रोपण एवं संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया। संस्थान अध्यक्ष और ट्रस्ट मंडल को दी शुभकामनाएं भाटी ने कहा कि भक्तों और युवा शक्ति की सामूहिक सहभागिता से 13 लाख खेजड़ी लगाने का संकल्प जनभागीदारी के बड़े अभियान का रूप ले सकता है। उन्होंने संस्थान अध्यक्ष रावल किशन सिंह जसोल और संपूर्ण ट्रस्ट मंडल को इस पहल के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मां माजीसा के भक्तों और विशेषकर युवाओं से स्वयं खेजड़ी लगाने, दूसरों को प्रेरित करने और लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक सहेजने का आह्वान किया। ‘एक पेड़ माँ माजीसा के नाम’—आस्था का संकल्प, प्रकृति का संरक्षण।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *