शत्रुघ्न हत्याकांड में दो आरोपियों ने किया सरेंडर:करीब से सीने में मारी थी गोली; लड़की की फोटो खींचने को लेकर हुआ था विवाद




भोजपुर में शत्रुघ्न कुमार हत्याकांड में फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों ने पुलिस दबिश के बाद कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। जयनगर गांव निवासी प्रिंस कुमार और विशाल कुमार के सरेंडर करने के बाद कोर्ट के आदेश पर दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है। पूछताछ के दौरान हत्या में इस्तेमाल हथियार, वारदात में शामिल अन्य लोगों और हत्या के पीछे की पूरी कड़ी के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। फोटो खींचने पर बढ़ा विवाद हत्याकांड में पुलिस इससे पहले जयनगर गांव निवासी रजनीश कुमार और गुरु दयाल कुमार को अप्राथमिकी आरोपित के रूप में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया था कि विशाल के जन्मदिन के दिन एक लड़की को लेकर शत्रुघ्न के गांव के पास नहर की ओर गए थे। वहां शत्रुघ्न ने लड़की की तस्वीर खींच ली थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ और हाथापाई भी हुई थी। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में इसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम जानकारी के मुताबिक 21 सितंबर की शाम जयनगर गांव निवासी धनंजय सिंह उर्फ संतोष सिंह के पुत्र शत्रुघ्न कुमार को कुछ लोग घर से बुलाकर गांव के पास नहर की ओर ले गए थे। वहां काफी करीब से उसके सीने में गोली मार दी गई। गोली लगने के बाद शत्रुघ्न गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिजन और स्थानीय लोग उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। दादा ने दर्ज कराई थी प्राथमिकी मृतक के दादा कृष्ण सिंह के बयान पर उदवंतनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसमें जयनगर गांव निवासी विशाल, प्रिंस समेत चार नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ घर से बुलाकर गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया गया था। अनुसंधान के दौरान रजनीश कुमार और गुरु दयाल कुमार की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। अब मुख्य आरोपितों के सरेंडर के बाद पुलिस हत्या में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और हथियार की बरामदगी को लेकर जांच आगे बढ़ा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *