![]()
बाराबंकी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में एक युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और अश्लील वीडियो बनाकर धमकी देने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद गुफरान को गुरुवार शाम गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। यह कार्रवाई पीड़िता के भाई की तहरीर पर की गई है। 18 वर्षीय पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी गुफरान पिछले दो साल से उसे परेशान कर रहा था। बातचीत के दौरान उसने शादी का झांसा दिया और शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने चुपके से उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए थे। पीड़िता ने बताया कि उसकी दो जगह शादी तय हुई थी, लेकिन आरोपी ने हर बार फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसकी शादी तुड़वा दी। हाल ही में जब आरोपी गुफरान पीड़िता के घर पहुंचा, तो परिजनों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी के परिजनों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को थाने ले गई। पीड़ित परिवार अब बदनामी के डर से सहमा हुआ है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने जेल जाने से पहले भी वीडियो वायरल कर पूरे परिवार को समाज में बदनाम करने की धमकी दी थी। इसी डर और सामाजिक प्रतिष्ठा बचाने के लिए पीड़ित परिवार अब भी आरोपी से अपनी बेटी की शादी कराने को तैयार था, लेकिन आरोपी पक्ष ने इससे साफ इनकार कर दिया है। रामनगर पुलिस ने आरोपी मोहम्मद गुफरान पुत्र निसार अहमद को धारा 69 बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Source link
शादी का झांसा देकर युवती का शोषण:वीडियो से बनाकर धमकी दी, दो जगह शादियां तुड़वाईं, आरोपी गिरफ्तार
