![]()
शाहजहांपुर में सोमवार शाम नागपंचमी मेले के दौरान दो पक्षों में मारपीट हो गई। घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया। उसे इलाज के लिए भावलखेड़ा सीएचसी में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी कुछ लोगों ने अभद्रता की। घटना थाना रोजा क्षेत्र के ऐठा हुसैनपुर गांव में लगे नागपंचमी मेले की है। सोमवार शाम करीब 6:30 बजे मेले में काफी भीड़ थी। इसी दौरान दो युवकों को आपस में धक्का लग गया, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।
दोनों पक्षों में हुई मारपीट बताया गया कि विवाद में एक पक्ष दूसरे गांव से मेले में आया था। कहासुनी बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। इसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल को भावलखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, मारपीट के दौरान कुछ आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता की। पुलिस अब विवाद शुरू करने और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही है। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि मारपीट की सूचना मिली थी। घायल को अस्पताल भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
Source link
शाहजहांपुर मेले में दो पक्षों में मारपीट:एक व्यक्ति घायल, पुलिस से भी अभद्रता; आरोपियों की तलाश शुरू
