Headlines

शिवपुरी में सफाईकर्मियों की हड़ताल का आज 7वां दिन:जगह-जगह कचरे के ढेर लगे; नपा का दावा- 11 में 8 मांगें मानीं




शिवपुरी नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल सोमवार को सातवें दिन भी जारी रही। इससे शहर की सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है और जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए हैं। नगर पालिका प्रशासन का दावा है कि उसने अधिकांश मांगों पर कार्रवाई की है, लेकिन सफाईकर्मी अपनी सभी 11 मांगों के निराकरण पर अड़े हुए हैं। दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन पा रही है। नगर पालिका के सीएमओ यशवंत राठौर ने बताया कि 11 में से 8 मांगें पहले ही स्वीकार कर उन पर कार्रवाई की जा चुकी है। शेष तीन मांगों के लिए भी निकाय स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विनियमितीकरण की मांग पर कर्मचारियों की वरिष्ठता सूची प्रकाशित की गई है, जिसकी प्रति कर्मचारी संगठन को दावे-आपत्ति के लिए उपलब्ध कराई जा रही है। कर्मचारियों से काम पर लौटने की अपील
सीएमओ राठौर ने जनहित और जनस्वास्थ्य को देखते हुए सफाई कर्मचारियों से तत्काल हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने की अपील की, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था सुचारू हो सके। दूसरी ओर, सफाई कर्मचारी यूनियन ने हड़ताल खत्म होने की खबरों को अफवाह बताया है। अखिल भारतीय यूनियन के पदाधिकारी मनोज लाहोटी और यूनियन अध्यक्ष संतोष कोड़े ने वीडियो जारी कर स्पष्ट किया कि हड़ताल समाप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपनी सभी 11 मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखेंगे। मनोज लाहोटी ने आरोप लगाया कि प्रशासन की ओर से हड़ताल खत्म होने की अफवाह फैलाई जा रही है। संतोष कोड़े ने कहा कि यदि हड़ताल समाप्त हुई होती तो प्रशासन के पास कर्मचारियों की सहमति वाला हस्ताक्षरित पत्र होता। उन्होंने दोहराया कि हड़ताल जारी है। कचरे के ढेर बढ़े, बारिश से बढ़ सकता है खतरा
सफाई कर्मचारियों के काम पर नहीं लौटने से शहर की गलियों और मुख्य मार्गों पर कचरा जमा होने लगा है। लगातार बारिश के बीच कचरा नहीं उठने से जलभराव के साथ ही गंदगी और बीमारियों का खतरा भी बढ़ने की आशंका है। खास बात यह है कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का तीन दिवसीय शिवपुरी दौरा भी सोमवार से शुरू हो रहा है, ऐसे में शहर की बिगड़ती सफाई व्यवस्था प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। फिलहाल नगर पालिका और सफाई कर्मचारी संगठन के बीच गतिरोध बरकरार है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *