Headlines

श्योपुर में निकली सबसे बड़ी कावड़ यात्रा:हजारों कावड़िए हुए शामिल, बम-बम भोले के लगे जयकारे




सावन के चौथे सोमवार को श्योपुर शहर में एक विशाल कावड़ यात्रा निकाली गई। नागदा स्थित श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर से शुरू होकर यह यात्रा सीप नदी के पंडित घाट स्थित भुवनेश्वर महादेव मंदिर तक पहुंची। इसमें हजारों की संख्या में कावड़िए शामिल हुए, जिसे इस साल की अब तक की सबसे बड़ी कावड़ यात्रा माना जा रहा है। यात्रा सोमवार सुबह करीब 11 बजे नागदा स्थित श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर पर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई। कावड़ियों ने मंदिर के गौमुख से पवित्र जल अपनी कावड़ों में भरा। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष और कार्यक्रम आयोजक सुरेंद्र सिंह जाट ने कावड़ियों को कावड़ देकर यात्रा को हरी झंडी दिखाई। कावड़िए डीजे की धुन पर थिरकते और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। सलापुरा चंबल नहर पुल से शहर में प्रवेश करने पर सड़क पर दूर तक कावड़ियों का सैलाब नजर आया। शहर में जगह-जगह यात्रा के स्वागत के लिए मंच लगाए गए थे। स्थानीय लोगों ने कावड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और उनके लिए जलपान की व्यवस्था भी की। कावड़ यात्रा जय स्तंभ, गांधी पार्क, नगर पालिका, मेन बाजार और किला रोड से होते हुए सीप नदी के पंडित घाट स्थित भुवनेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यहां कावड़ियों ने अपने साथ लाए पवित्र जल से भगवान भुवनेश्वर महादेव का अभिषेक किया। अभिषेक के दौरान मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठा। इस कावड़ यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष शशांक भूषण, पूर्व विधायक दुर्गालाल विजय, पूर्व विधायक बृजराज सिंह चौहान, वरिष्ठ भाजपा नेता महावीर सिंह सिसोदिया, कैलाश नारायण गुप्ता और नगर पालिका अध्यक्ष रेनु सुजीत गर्ग सहित कई राजनेता तथा गणमान्य नागरिक शामिल हुए। यात्रा की सुरक्षा के लिए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी यात्रा के साथ तैनात रहे। महिला-युवतियों ने भी उठाई कावड़
विशाल कावड़ यात्रा में समाज के सभी वर्गों ने उत्साह के साथ भागीदारी की। महिलाओं और युवतियों में भी कावड़ यात्रा को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां कावड़ लेकर यात्रा में शामिल हुईं और भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए पैदल चलीं। गाजे-बाजे के बीच उनकी भागीदारी ने यात्रा के उत्साह को और बढ़ा दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *