![]()
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कार्यक्रम के दौरान काली झंडी दिखाने वाले युवक की कथित पिटाई का मामला अब पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट पहुंच गया। संगरूर के शेरों गांव निवासी मोहनजीत सिंह के पिता गुरमेल सिंह ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर पूरे मामले की जांच सीबीआई से करवाने की मांग की है। उनका आरोप है कि उनके बेटे को केवल काली झंडी दिखाने के कारण पुलिस ने बेरहमी से पीटा। याचिका में गुरमेल सिंह ने पंजाब पुलिस की जांच पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मामले में पंजाब पुलिस के अधिकारियों की भूमिका पर ही सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे में उसी विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच की उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने हाईकोर्ट से मामले की जांच CBI को सौंपने की मांग की है, ताकि घटना की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच हो सके। पंजाब पुलिस की जांच पर सवाल उठाए याचिकाकर्ता गुरमेल सिंह ने कहा है कि मामले में जिन पुलिस अधिकारियों की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं, उन्हीं के विभाग की ओर से जांच किए जाने के कारण निष्पक्षता को लेकर संदेह पैदा होता है। इसी आधार पर उन्होंने हाईकोर्ट से CBI जांच के निर्देश देने की मांग की है। उनका कहना है कि घटना में उनके बेटे के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। इसलिए पूरे मामले की स्वतंत्र एजेंसी से जांच होना जरूरी है, ताकि घटना की वास्तविक स्थिति सामने आ सके और यदि किसी की जिम्मेदारी सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार से मांगी स्टेटस रिपोर्ट याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार से मामले में अब तक की गई जांच की स्थिति रिपोर्ट तलब की है। अदालत ने सरकार से यह बताने को कहा है कि शिकायत मिलने के बाद अब तक क्या कार्रवाई की गई और जांच किस स्तर तक पहुंची है। हाईकोर्ट ने सरकार से मामले में हुई जांच की विस्तृत जानकारी पेश करने के निर्देश दिए हैं। अब सरकार की ओर से अदालत के सामने जांच की प्रगति और अब तक उठाए गए कदमों की जानकारी रखी जाएगी। सरकार ने बताया- जांच के लिए SIT बनाई सुनवाई में सरकार की ओर से हाईकोर्ट को बताया गया कि मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया जा चुका है। सरकार ने अदालत के सामने जांच की मौजूदा स्थिति की जानकारी भी दी। हालांकि, CBI जांच की मांग को लेकर दायर याचिका पर हाईकोर्ट ने अब तक हुई जांच की विस्तृत स्थिति रिपोर्ट मांगी है। अदालत के निर्देश के बाद सरकार को मामले की जांच से संबंधित जानकारी रिपोर्ट के रूप में पेश करनी होगी। छत से दिखाई थी काली झंडी यह मामला संगरूर के शेरों गांव का है। यहां मुख्यमंत्री का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। आरोप के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान मोहनजीत सिंह ने कार्यक्रम स्थल के पीछे स्थित एक घर की छत से मुख्यमंत्री के काफिले की ओर काली झंडी दिखाई थी। आरोप है कि काली झंडी दिखाए जाने के बाद पुलिसकर्मियों ने मोहंजीत सिंह के साथ कथित तौर पर मारपीट की। उसके पिता गुरमेल सिंह ने इसी घटना को लेकर हाईकोर्ट का रुख किया है। पिता ने निष्पक्ष जांच की मांग की मोहनजीत सिंह के पिता का आरोप है कि उनके बेटे के साथ जिस तरह से कथित मारपीट की गई, वह गंभीर मामला है। उन्होंने अदालत से मांग की है कि घटना की पूरी जांच निष्पक्ष तरीके से कराई जाए। उन्होंने यह भी मांग की है कि घटना में शामिल पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच की जाए। यदि जांच में कोई पुलिसकर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। अब हाईकोर्ट में पंजाब सरकार की ओर से पेश की जाने वाली स्टेटस रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि मामले में अब तक क्या जांच हुई है, किस स्तर पर जांच चल रही है और SIT ने अब तक क्या कार्रवाई की है।
Source link
संगरूर के मोहनजीत की पिटाई का मामला हाईकोर्ट पहुंचा:पिता ने याचिका दायर की, पंजाब पुलिस की जांच पर सवाल; सरकार से स्टेटस रिपोर्ट तलब
