Headlines

संदीपनी विद्यालय के बच्चों की जान जोखिम में:रोज ऑटो में लटककर स्कूल जाते है मासूम, हादसे की आशंका




कटनी जिले के बड़वारा ग्राम से संदीपनी विद्यालय के बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राएं हर दिन अपनी जान जोखिम में डालकर स्कूल पहुंचने को मजबूर हैं। हाल ही में एक वीडियो सामने आया है, जिसमें क्षमता से अधिक बच्चे एक ऑटो में अमानवीय और असुरक्षित तरीके से यात्रा करते दिख रहे हैं। सामने आए वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि एक छोटे से ऑटो में क्षमता से कई गुना अधिक बच्चों को ठूंस-ठूंस कर बिठाया गया है। कुछ मासूम तो ऑटो के पीछे लटके हुए भी नजर आ रहे हैं। सड़क की खराब स्थिति और इस तरह की ओवरलोडिंग के कारण किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह दृश्य किसी एक दिन का नहीं, बल्कि रोजमर्रा की कहानी है। सरकारी नीति के अनुसार, इन विद्यालयों में पढ़ने वाले ग्रामीण और दूर-दराज के छात्र-छात्राओं के लिए निःशुल्क बस या अनुबंधित वाहनों की व्यवस्था का प्रावधान है, इसके बावजूद बच्चों की जान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। इस मामले ने पुलिस और स्कूल प्रबंधन की घोर लापरवाही और उदासीनता को उजागर किया है। सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस के बावजूद, थाने के ठीक सामने से इस तरह ओवरलोडेड ऑटो का गुजरना और पुलिस का मूकदर्शक बने रहना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। प्रशासन की इस अनदेखी से सुरक्षा नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *