![]()
श्रावणी मेला को देखते हुए समस्तीपुर के नए सदर एसडीओ राकेश कुमार ने शनिवार को अधिकारियों के साथ थानेश्वर स्थान मंदिर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रैफिक, सीसीटीवी और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। शुक्रवार को ही राकेश कुमार ने समस्तीपुर के नए एसडीओ के रूप में पदभार ग्रहण किया था। निरीक्षण में सदर डीएसपी, ट्रैफिक डीएसपी, ट्रैफिक इंस्पेक्टर, बीडीओ, सीओ तथा नगर और मुफस्सिल थाना की पुलिस टीम भी मौजूद रही। निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर की साफ-सफाई, श्रद्धालुओं के आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर एवं आसपास लगे कैमरों की कार्यक्षमता की जांच की। इस दौरान कुछ सीसीटीवी कैमरे खराब पाए गए, जिन्हें तत्काल दुरुस्त कराने का निर्देश संबंधित विभाग को दिया गया। साथ ही पूरे परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, नियमित सफाई कराने और श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाएं बेहतर करने पर जोर दिया गया। श्रद्धालुओं की भीड़ की संभावनाओं पर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के निर्देश श्रावणी मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी गई। अधिकारियों ने मंदिर के आसपास यातायात सुचारु रखने, पार्किंग व्यवस्था बेहतर करने और जाम की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। ‘प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा’ सदर एसडीओ राकेश कुमार ने कहा कि डीएम के निर्देशानुसार थानेश्वर मंदिर का निरीक्षण किया गया है। श्रावण मास में प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। मूलभूत सुविधाओं, साफ-सफाई, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था की समीक्षा की गई है। निरीक्षण के दौरान जो भी कमियां मिली हैं, विशेषकर सीसीटीवी और स्वच्छता से जुड़ी, उन्हें जल्द दूर करने का निर्देश दिया गया है। हमारा प्रयास है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम दर्शन की सुविधा मिले।
Source link
समस्तीपुर के थानेश्वरस्थान मंदिर का सदर एसडीओ ने किया निरीक्षण:श्रावणी मेले को लेकर सीसीटीवी, ट्रैफिक समेत अन्य व्यवस्थाओं को सुधारने के दिए निर्देश
