Headlines

समालखा में देसी पिस्टल समेत युवक अरेस्ट:60 हजार रुपए में यूपी से खरीदा, गुरुग्राम में किया मर्डर, जमानत पर बाहर आया था




पानीपत जिले में सीआईए थ्री पुलिस ने समालखा की बापौली अनाज मंडी से एक युवक को अवैध देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस समेत गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान छाजपुर कलां निवासी अक्षय के रूप में हुई है। सीआईए थ्री प्रभारी सब-इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि बुधवार शाम उनकी टीम बापौली में अनाज मंडी के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली थी कि छाजपुर कलां निवासी एक युवक अवैध हथियार के साथ अनाज मंडी के शेड के पास घूम रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान छाजपुर कला निवासी अक्षय के रूप में बताई। उसकी तलाशी लेने पर उसकी लोवर की जेब से एक देसी पिस्तौल बरामद हुई। पिस्तौल की मैगजीन की जांच करने पर उसमें एक जिंदा कारतूस भी मिला। तीन महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था आरोपी सब-इंस्पेक्टर सुभाष के अनुसार, पूछताछ में आरोपी अक्षय ने बताया कि वह गुरुग्राम में दर्ज एक हत्या के मामले में जेल में बंद था और बीते मार्च माह में जमानत पर बाहर आया था। उसने पुलिस को बताया कि जिस युवक की हत्या हुई थी, उसके परिजन उससे रंजिश रखते हैं। इसी कारण वह करीब दो माह पहले उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से 60 हजार रुपए में एक देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस खरीदकर लाया था। पुलिस ने आरोपी अक्षय के खिलाफ थाना पुराना औद्योगिक में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। गुरुवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से हथियार सप्लायर के ठिकानों का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने का प्रयास करेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *