Headlines

सर्टिफिकेट न मिलने से भड़के अग्निवीर अभ्यर्थी:फाजिल्का और फिरोजपुर में हाईवे जाम; सड़क पर लेटकर किया प्रदर्शन




फाजिल्का में अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे छात्रों ने आवश्यक प्रमाण पत्र जारी न होने के विरोध में मंगलवार को फाजिल्का-फिरोजपुर फ्लाईओवर पर हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने सड़क पर लेटकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर रोष जताया। हाईवे जाम होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट कराया। प्रदर्शन कर रहे छात्रों कुलदीप सिंह और कुलविंदर सिंह ने बताया कि वे पिछले करीब ढाई महीने से अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया 19 अगस्त से शुरू होने वाली है। भर्ती में आवेदन और दस्तावेज सत्यापन के लिए उन्होंने जाति प्रमाण पत्र, रेजिडेंस सर्टिफिकेट और अन्य जरूरी दस्तावेजों के लिए आवेदन किया था, लेकिन अब तक उन्हें प्रमाण पत्र जारी नहीं किए गए हैं। छात्र बोले- उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा छात्रों का आरोप है कि पिछले चार से पांच दिनों से वे संबंधित सरकारी कार्यालयों के लगातार चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा। उन्होंने तहसीलदार कार्यालय के कुछ कर्मचारियों पर दुर्व्यवहार करने के आरोप भी लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उन्होंने अपनी समस्या को लेकर डिप्टी कमिश्नर से भी मुलाकात की, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रमाण पत्र जारी नहीं किए गए तो वे अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने से वंचित रह सकते हैं। उनका कहना है कि इससे उनके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रों से बातचीत कर मामला शांत कराने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से उनके दस्तावेज प्राथमिकता के आधार पर जारी करने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *