Headlines

सहरसा में महिला 2 बेटों संग लापता:पति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी पहलुओं की जांच




सहरसा सदर थाना क्षेत्र के शंकर चौक स्थित वार्ड संख्या-10 से एक महिला अपने दो मासूम बेटों के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिलने पर पति ने रविवार शाम 5 बजे सदर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शंकर चौक निवासी शक्ति कुमार (पिता- शंभू प्रसाद गुप्ता) ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि रविवार दोपहर करीब एक बजे वह घर में सो रहे थे। इसी दौरान उनकी पत्नी ब्यूटी कुमारी अपने दोनों पुत्रों, 10 वर्षीय अभिनव कुमार और 6 वर्षीय अर्णव कुमार, को साथ लेकर बिना किसी को बताए घर से निकल गईं। जब शक्ति कुमार की नींद खुली तो पत्नी और बच्चे घर में नहीं थे। शक्ति कुमार ने पहले अपने स्तर पर आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने अपनी ससुराल और अन्य रिश्तेदारों से संपर्क किया, लेकिन सभी ने बताया कि महिला वहां नहीं पहुंची है। पीड़ित के अनुसार, पत्नी के मोबाइल नंबर 8102180456 पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन लगातार स्विच ऑफ बता रहा है। पीड़ित पति का कहना है कि पत्नी और बच्चों के अचानक इस तरह घर से चले जाने की वजह समझ में नहीं आ रही है। उन्होंने आशंका जताई है कि मामला संदिग्ध हो सकता है। इसी को देखते हुए उन्होंने आदर्श सदर थाना में आवेदन देकर पत्नी और दोनों बच्चों की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी की मांग की है। सदर थाना के थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और महिला व बच्चों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *