Headlines

लखनऊ- शिक्षक ने DIOS पर लगाए अभद्रता के आरोप:मुख्यमंत्री-डीजीपी से की शिकायत, वीडियो बनाकर आत्महत्या की दी धमकी




लखनऊ के जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) देवेंद्र कुमार पांडेय पर इटौंजा के एक इंटर कॉलेज के शिक्षक ने अभद्र व्यवहार और जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। शिक्षक ने मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक और जिलाधिकारी से शिकायत कर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। वहीं, डीआईओएस ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। समस्या लेकर पहुंचे थे शिक्षक राष्ट्रपिता स्मारक इंटर कॉलेज, इटौंजा में तैनात सहायक अध्यापक राकेश कुमार का कहना है कि वह शनिवार शाम अपनी एक समस्या को लेकर डीआईओएस कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि फाइल देखते ही डीआईओएस नाराज हो गए और उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। शिक्षक का दावा है कि विरोध करने पर उन्हें धक्का देकर बाहर निकालने की धमकी दी गई और जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया। सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग राकेश कुमार ने जिलाधिकारी से डीआईओएस कार्यालय के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने अपनी शिकायत मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक को भी भेजी है। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। शिक्षक संघ ने किया प्रदर्शन का ऐलान घटना से नाराज उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने सोमवार को शहीद पार्क में प्रदर्शन करने और वहां से डीएम कार्यालय तक मार्च निकालने का ऐलान किया है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष सोहन लाल वर्मा ने कहा कि शिक्षक समाज का सम्मानित वर्ग है और उसके साथ अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने डीआईओएस से सार्वजनिक माफी और उचित कार्रवाई की मांग की। डीआईओएस ने आरोपों को बताया गलत जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार पांडेय ने आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि शिक्षक राकेश कुमार शनिवार को उनके पास लोन के लिए गारंटर बनने का दबाव बना रहे थे। मना करने पर उन्होंने अभद्रता और अन्य आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *