Headlines

सहरसा में 3 दिन आंधी-बारिश और बिजली का अलर्ट:मौसम विभाग बोला-'घर से बाहर न निकलने',फसल और पशुधन सुरक्षा की सलाह




सहरसा में अगले तीन दिनों तक मौसम अस्थिर रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार, 17 से 19 जुलाई तक गरज-चमक, आंधी, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम में सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है। कृषि अनुसंधान संस्थान अगवानपुर सहरसा के कृषि मौसम वैज्ञानिक रामानंद पटेल ने यह जानकारी दी। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस इस अवधि में अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सुबह के समय सापेक्षिक आर्द्रता लगभग 90 प्रतिशत और दोपहर बाद 65 प्रतिशत रहने का अनुमान है। हवा की रफ्तार करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, और आसमान अधिकांश समय बादलों से ढका रहेगा। मौसम विभाग ने किसानों को चेतावनी दी है कि तेज हवा और बारिश से खड़ी फसलें गिर सकती हैं। कीटनाशकों और रासायनिक दवाओं का छिड़काव मौसम साफ रहने पर ही करें। धान की रोपाई करने वाले किसानों को अंतिम जुताई के समय अनुशंसित मात्रा में नत्रजन, फास्फोरस और पोटाश का प्रयोग करने की सलाह दी गई है। साथ ही, 18 से 20 दिन पुराने पौधों की निर्धारित दूरी पर रोपाई करने को कहा गया है। खरीफ मक्का की बुआई के लिए लाइन से लाइन की दूरी 60 सेंटीमीटर और पौधे से पौधे की दूरी 20 सेंटीमीटर रखने की अनुशंसा की गई है। मखाना उत्पादकों को अपनी फसल की नियमित निगरानी करने और परिपक्व होने पर समय पर कटाई करने की सलाह दी गई है। बागवानी फसलों में कद्दू को फल मक्खी से बचाने के लिए आवश्यक प्रबंधन अपनाने की सलाह दी गई है। पशुपालकों को खराब मौसम के दौरान पशुओं को पेड़ों के नीचे न बांधने, पशुशालाओं को साफ रखने और दिन में कई बार स्वच्छ पानी व संतुलित चारा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *