![]()
कटनी में सुपेली गांव के ग्रामीणों और अभिभावकों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। वे प्राथमिक व माध्यमिक शाला को 7 किलोमीटर दूर सांदीपनि विद्यालय बहोरीबंद में मर्ज किए जाने का विरोध कर रहे थे। ग्रामीणों ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) के नाम एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें बच्चों की सुरक्षा और आवागमन में आ रही गंभीर परेशानियों का उल्लेख किया गया। उन्होंने बताया कि सुपेली से बहोरीबंद की दूरी करीब 7 किलोमीटर है और यह पूरा मार्ग घने जंगल से होकर गुजरता है। अभिभावकों का कहना है कि इतने लंबे और सुनसान जंगली रास्ते से रोज छोटे बच्चों का स्कूल जाना जोखिम भरा है। खासकर छात्राओं के परिजनों में सुरक्षा को लेकर चिंता है। खराब मौसम या देर-सबेर की स्थिति में बच्चों के साथ किसी भी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि सुपेली के इस स्कूल में कुल 139 छात्र-छात्राएं दर्ज हैं। इतनी बड़ी संख्या में बच्चों के लिए रोजाना 14 किलोमीटर (आना-जाना) का सफर पैदल या किसी अन्य साधन से तय करना व्यावहारिक रूप से असंभव है। ग्रामीणों की मांग है कि सुपेली के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय को सांदीपनि विद्यालय बहोरीबंद में मर्ज न किया जाए। कक्षाएं पूर्व की तरह सुपेली गांव में ही संचालित की जाएं और शिक्षकों को पुनः सुपेली के शासकीय विद्यालय में भेजने का स्पष्ट आदेश जारी किया जाए। अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि यदि बच्चों के हित में शीघ्र निर्णय लेकर गांव में ही कक्षाएं संचालित करने के आदेश जारी नहीं किए गए, तो वे अपने बच्चों के भविष्य और सुरक्षा के लिए उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
Source link
सांदीपनि विद्यालय दूसरे स्कूल में मर्ज किए जाने का विरोध:सात किलोमीटर दूर जंगल के रास्ते स्कूल जाने को मजबूर 139 बच्चे, कलेक्टोरेट में प्रदर्शन
