![]()
नालंदा में शनिवार के सड़क हादसे में घायल 14 साल की किशोरी की इलाज के दौरान बुधवार की सुबह मौत हो गई। मृतका गंगा बिगहा गांव निवासी रमेश प्रसाद की बेटी रत्नशीला कुमारी है। मृतका के भाई रोहित कुमार ने बताया कि रत्नशीला कुमारी तीन बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटी थी और गांव के ही एक निजी स्कूल में छठी कक्षा में पढ़ाई करती थी। शनिवार की सुबह वह साइकिल से बहन के यहां दीपनगर बाजार जा रही थी। इसी दौरान, रास्ते में एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसकी साइकिल को टक्कर मार दी। आरोप है कि ट्रैक्टर करीब 100 मीटर तक उसे अपने साथ घसीटते हुए चला गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। घटना दीपनगर थाना क्षेत्र के दीपनगर गांव की है। हायर सेंटर रेफर किया गया था घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया था।
परिजन उसे एक निजी क्लीनिक में इलाज करवा रहे थे। बुधवार की सुबह अचानक उसकी तबीयत अधिक बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे लेकर दोबारा बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
टक्कर मारने वाले की हुई पहचान दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि टक्कर मारने वाले ट्रैक्टर की पहचान कर ली गई है। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
साइकिल सवार किशोरी की सड़क हादसे में मौत:बहन से मिलने के लिए जा रही थी, ट्रैक्टर ने मारी टक्कर; इलाज के दौरान गई जान
