![]()
लखनऊ विश्वविद्यालय की साइबर लाइब्रेरी में लंबे समय से खराब पड़े एयर कंडीशनर, बाधित इंटरनेट सेवा और लाइब्रेरी के संचालन समय को बढ़ाने की मांग को लेकर गुरुवार को सैकड़ों छात्रों ने कुलपति कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द समस्याओं के समाधान की मांग की। खराब एसी और इंटरनेट सेवा से छात्रों की बढ़ी परेशानी प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि साइबर लाइब्रेरी में पढ़ाई का माहौल लगातार प्रभावित हो रहा है। कई एसी लंबे समय से खराब हैं और इंटरनेट सेवा भी नियमित रूप से बाधित रहती है। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य पाठ्यक्रमों की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों ने मांग की कि सभी खराब एसी तत्काल ठीक कराए जाएं, इंटरनेट सेवा सुचारु की जाए और लाइब्रेरी का समय प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक किया जाए। पुराने आश्वासन पूरे न होने पर छात्रों में नाराजगी छात्र नेता अनुराग चौधरी ने कहा कि पिछले महीने कुलपति के साथ हुई वार्ता में विश्वविद्यालय प्रशासन ने साइबर लाइब्रेरी को सप्ताह के सातों दिन खोलने और उसके संचालन समय में विस्तार करने का आश्वासन दिया था। लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे छात्रों में नाराजगी बढ़ गई है। दो दिन का अल्टीमेटम, मांगें पूरी नहीं हुईं तो फिर होगा आंदोलन छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो दोबारा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। छात्रों का कहना है कि इसके बाद होने वाले आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।
Source link
साइबर लाइब्रेरी की समस्याओं पर छात्रों ने कुलपति कार्यालय घेराव:खराब एसी और इंटरनेट सेवा से छात्रों की बढ़ी परेशानी, पुराने आश्वासन पूरे न होने पर छात्रों में नाराजगी
