![]()
सऊदी अरब में फंसे पंजाब के दो युवकों की सुरक्षित घर वापसी हो गई है। राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल की कोशिशों से यह संभव हो पाया है। तरनतारन जिले के राजिंदरपाल सिंह करीब तीन साल बाद 31 अगस्त 2026 को भारत लौटे, जबकि अमृतसर के जसबीर सिंह आठ महीने फंसे रहने के बाद 3 सितंबर 2026 को अपने परिवार के पास सुरक्षित पहुंच गए। संत सीचेवाल ने पंजाब के युवाओं और उनके परिवारों से अपील की है कि विदेश जाने के लिए किसी भी एजेंट या बिचौलिए पर भरोसा करने से पहले उसकी पूरी और सही जांच-पड़ताल जरूर कर लें। राजिंदरपाल सिंह ने सुनाई जेल और बेगुनाही की दास्तान सुल्तानपुर लोधी स्थित निर्मल कुटिया पहुंचे राजिंदरपाल सिंह ने बताया कि उन्हें ऐसे मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिसमें उनके साथ जा रहे ट्रकों के सामान में कुछ मिला था। उन्होंने कहा कि बेगुनाह होने के बावजूद कंपनी के कागजात की वजह से उन्हें लंबे समय तक जेल काटनी पड़ी। सजा पूरी होने के बाद भी उनकी भारत वापसी में काफी देरी हुई। उन्होंने बताया कि जेल के हालात बेहद मुश्किल थे और परिवार से दूर रहने का दर्द असहनीय था। भारत में अपने भाई की मौत की खबर को उन्होंने अपनी जिंदगी का सबसे दुखद क्षण बताया। भारतीय दूतावास पर लगाए आरोप वतन लौटने के बाद राजिंदरपाल सिंह ने सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए। उनका दावा है कि वहां बिना किसी सिफारिश के भारतीयों की मदद नहीं की जाती और भारत वापस भेजने के लिए पैसे भी मांगे जाते हैं। राजिंदरपाल के परिवार ने 8 दिसंबर को संत सीचेवाल से संपर्क कर मदद की गुहार लगाई थी। उन्होंने बताया कि सजा पूरी होने के बाद एक बार वापसी की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी थी, लेकिन कागजात की आपत्ति के कारण उन्हें एयरपोर्ट से दोबारा जेल भेज दिया गया था। वहीं, अमृतसर के जसबीर सिंह के परिवार ने 7 जनवरी को संत सीचेवाल से मदद मांगी थी। दोनों मामलों में संत सीचेवाल ने भारतीय विदेश मंत्रालय और संबंधित दूतावास से लगातार संपर्क बनाए रखा, जिसके बाद दोनों की सुरक्षित वापसी संभव हुई। वापसी पर राजिंदरपाल की मां ने भावुक होकर संत सीचेवाल का धन्यवाद किया।
Source link
साउदी में फंसे पंजाब के दो युवक लौटे:तरनतारन के राजिंदरपाल 3 साल तो अमृतसर के जसबीर सिंह आठ माह से फंसे थे, संत सीचेवाल ने किया प्रयास
