![]()
धमधा पुलिस ने मवेशियों के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 15 मवेशियों से भरा आइसर वाहन पकड़ा है। वाहन में 3 पड़वा और 12 भैंस को बिना पर्याप्त चारा-पानी के ठूंस-ठूंसकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से वाहन चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने मवेशियों को नंदिनी क्षेत्र से मध्यप्रदेश के सागर स्थित कत्लखाने ले जाने की बात बताई है। पुलिस के मुताबिक, 5 सितंबर को मुखबिर और गौसेवक के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक आइसर वाहन में मवेशियों को क्रूरता से भरकर धमधा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद धमधा पुलिस ने बस स्टैंड के पास साहू होटल के सामने घेराबंदी की। कुछ देर बाद आइसर वाहन क्रमांक UP 83 ET 3857 मौके पर पहुंचा। पुलिस और गौसेवकों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान चालक ने वाहन को आगे ले जाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। वाहन की जांच करने पर पीछे बने डाले को हरे रंग की तिरपाल से ढका हुआ पाया गया। तिरपाल हटाकर जांच करने पर अंदर 3 पड़वा और 12 काले रंग की भैंस समेत कुल 15 मवेशी मिले। पुलिस के अनुसार, मवेशियों को पर्याप्त चारा-पानी उपलब्ध कराए बिना कम जगह में ठूंस-ठूंसकर ले जाया जा रहा था। नंदिनी से सागर ले जाने की बात कही
पूछताछ में वाहन चालक शिवशंकर (35) और उसके साथी परविंद कुमार (42) ने पुलिस को बताया कि वे मवेशियों को नंदिनी क्षेत्र से सागर, मध्यप्रदेश स्थित कत्लखाने ले जा रहे थे। दोनों आरोपी ग्राम खेरिया सिकमी गोहाना, थाना फरिहा, जिला फिरोजाबाद, उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं। मामले में धमधा थाने में छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को 5 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। 21.90 लाख रुपए का वाहन जब्त
पुलिस ने मवेशियों के परिवहन में इस्तेमाल आइसर वाहन को भी जब्त किया है। इसकी अनुमानित कीमत 21 लाख 90 हजार रुपए बताई गई है। बरामद सभी मवेशियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है। उनके सुरक्षित रख-रखाव के लिए आवश्यक कार्रवाई के तहत पशु चिकित्सालय, धमधा भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में मवेशियों को उपलब्ध कराने और उनके परिवहन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
Source link
सागर के कत्लखाने ले जाए जा रहे 15 मवेशी पकड़े:धमधा में पुलिस ने पकड़ा: तिरपाल से ढककर ठूंस-ठूंसकर भरे थे; 2 आरोपी गिरफ्तार, 22 लाख का वाहन जब्त
