Headlines

सिरसा में शहीद लांस नायक के घर पहुंचे सीएम सैनी:श्रद्धांजलि अर्पित की, परिजनों को दी सांत्वना, बोले- शहादत पर पूरे देश को गर्व




हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिरसा जिले के कुत्ताबढ़ गांव पहुंचकर देश के लिए शहीद हुए लांस नायक सुखचैन सिंह को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री सीधे शहीद के घर पहुंचे, जहां उन्होंने दुखी परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद का बलिदान बेकार नहीं जाएगा और हरियाणा सरकार दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है। लांस नायक सुखचैन सिंह जम्मू-कश्मीर के राजौरी में 3 सितंबर को देश के लिए शहीद हो गए थे। उनकी शहादत के बाद से ही उनके पैतृक गांव कुत्ताबढ़ और पूरे सिरसा जिले में शोक था। शनिवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री शहीद के गृह गांव कुत्ताबढ़ पहुंचे। शहीद की वीरता पर पूरे देश को गर्व : सीएम सैनी मुख्यमंत्री सैनी ने शहीद लांस नायक सुखचैन सिंह के चित्र पर फूल चढ़ाकर उन्हें नमन किया और उनके परिजनों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने शहीद की माता, पत्नी और अन्य परिजनों के हाथ थामकर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि लांस नायक सुखचैन सिंह की वीरता और देशभक्ति पर हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश को गर्व है। मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान गांव वालों और ग्राम पंचायत ने भी अपनी बात रखी। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को एक मांग पत्र दिया, जिसमें शहीद के अंतिम सम्मान और उनके परिवार के सुरक्षित भविष्य से जुड़ी मांगें शामिल थीं। सरपंच ने सीएम को दिया मांग पत्र गांव के सरपंच बेअंत सिंह ने मुख्यमंत्री के सामने ग्रामीणों और शहीद परिवार की मांगों को खास तौर पर रखा। पंचायत की मुख्य मांगों में शहीद लांस नायक सुखचैन सिंह के परिवार के एक योग्य सदस्य को तुरंत सरकारी नौकरी देना शामिल है। साथ ही, गांव के सरकारी स्कूल का नाम ‘अमर शहीद सुखचैन सिंह विद्यालय’ रखने की मांग की गई, ताकि आने वाली पीढ़ियों को उनके बलिदान से प्रेरणा मिल सके। गांव के मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण कराया जाए और उसका नाम ‘शहीद सुखचैन सिंह द्वार’ रखा जाए। शहीद के आश्रित परिवार को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *