Headlines

सीतामढ़ी में टेलर मास्टर ने फांसी लगाकर आत्महत्या की:15 दिन पहले भी की थी कोशिश, बेटे को नदी में धकेला था




सीतामढ़ी जिले के कन्हौली थाना क्षेत्र के बगहा वार्ड संख्या-12 में एक टेलर मास्टर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 30 वर्षीय नुरुल अंसारी, पिता जाल मोहम्मद अंसारी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही कन्हौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों के अनुसार, नुरुल अंसारी कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान थे। करीब 15 दिन पहले उन्होंने खटमल मारने की दवा पीकर आत्महत्या का प्रयास किया था। समय रहते इलाज मिलने से उनकी जान बच गई थी। परिजनों ने यह भी बताया कि मानसिक स्थिति बिगड़ने के कारण नुरुल ने अपने बेटे को नदी में धकेलने की कोशिश की थी। हालांकि, लोगों की सतर्कता से बच्चा सुरक्षित बच गया था। इस घटना के बाद परिवार उनकी लगातार निगरानी कर रहा था। मृतक के पिता जाल मोहम्मद अंसारी ने बताया कि नुरुल पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से बीमार थे और उनका इलाज भी चल रहा था। सोमवार को उन्होंने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। नुरुल की शादी तीन वर्ष पूर्व हुई थी और उनका एक पुत्र भी है। वह गांव में टेलर मास्टर का काम करते थे। कन्हौली थानाध्यक्ष ने जानकारी दी कि एक व्यक्ति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *