Headlines

सुक्खू सरकार पर नाबार्ड की योजनाएं रोकने का आरोप:कांगड़ा विधायक पवन काजल बोले- हिमाचल के इतिहास में पहली बार हो रहा ऐसा पक्षपात"




हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कांगड़ा से विधायक पवन काजल ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर विकास कार्यों में अड़ंगा डालने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राजनीतिक द्वेष के चलते विपक्षी विधायकों की प्राथमिकताओं के तहत नाबार्ड बैंक को भेजी गई विकास योजनाओं की डीपीआर (Detailed Project Report) को रोककर विकास में बाधा उत्पन्न कर रही है। शनिवार को ग्राम पंचायत रजियाणा बांध में ‘युवक मंडल रजियाणा सुपर किंग्स’ द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पवन काजल ने अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश के राजनीतिक इतिहास में यह पहली बार देखा जा रहा है जब नीति आयोग की बैठकों में विपक्ष के विधायकों द्वारा संस्तुत ‘विधायक प्राथमिकता योजनाओं’ की डीपीआर को रोका जा रहा है। पवन काजल ने कहा कि अकेले कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र की सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी लगभग 50 करोड़ रुपये की डीपीआर का बजट नाबार्ड बैंक में अटका कर रखा गया है। सरकार की इस दमनकारी नीति के कारण आम जनता को मूलभूत सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है। गारंटियों और राशन डिपो की व्यवस्था पर उठाए सवाल काजल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को चुनावी वादों पर घेरते हुए कहा कि सरकार ने युवाओं को पक्की सरकारी नौकरियां देने, महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह देने तथा 300 यूनिट मुफ्त बिजली मुहैया कराने की गारंटियों के नाम पर जनता को छला है। उन्होंने राशन डिपो की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए कहा कि डिपो में राशन कार्ड धारकों को समय पर दालें और चीनी नहीं मिल रही हैं, जबकि बांटे जा रहे आटा और चावल का स्तर बेहद घटिया है। PWD और NHAI के बजट को लेकर घेरा सड़क व्यवस्था पर चिंता जताते हुए विधायक काजल ने आरोप लगाया कि नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) द्वारा समेला टनल से कांगड़ा बाईपास तक सड़क विस्तार के लिए साढ़े ग्यारह करोड़ रुपये की राशि आवंटित की जा चुकी है, इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग (PWD) सड़क की सुध लेने और मरम्मत कराने में पूरी तरह नाकाम साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने के लिए विपक्ष के खिलाफ दुष्प्रचार का सहारा ले रही है। युवक मंडल ने रखी वॉलीबॉल किट की मांग कार्यक्रम के दौरान युवक क्लब के अध्यक्ष अमित ठाकुर ने विधायक पवन काजल का स्वागत किया और युवाओं के लिए वॉलीबॉल किट उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस अवसर पर ग्राम पंचायत रजियाणा खास के प्रधान राजीव कुमार रंजू, देवी लाल, सुभाष, अमर सिंह, पवन कुमार, उप प्रधान दौलतपुर सतीश सोनी, विनीत, रिशू, मिठू, रोहित, सुमित और अंकुश सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और युवा उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *