Headlines

सुखबीर बादल पर टिप्पणी की अकाली दल ने की निंदा:मनजिंदर बल को समय समय पर रंग बदलने वाला कहा, बल ने कहा- मेरा निजी विचार




दिल्ली एयरपोर्ट पर शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को संबोधित करते हुए बटाला के मनजिंदर सिंह बल द्वारा की गई टिप्पणी को शिअद ने बेहद निंदनीय करार दिया है। शिअद के हलका बटाला इंचार्ज नरेश महाजन ने अपने कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए इस बयान की कड़ी आलोचना की है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नरेश महाजन ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मनजिंदर सिंह बल का पंथ या समाज की भलाई के लिए कभी भी कोई विशेष योगदान नहीं रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बल अपने निजी राजनीतिक लाभ के लिए समय-समय पर गिरगिट की तरह विभिन्न पार्टियों के साथ जुड़ते रहे हैं। महाजन के अनुसार, सुखबीर सिंह बादल पर की गई यह टिप्पणी केवल झूठी शोहरत और सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का एक घटिया प्रयास है, और कुछ लोग सुनियोजित साजिश के तहत शिरोमणि अकाली दल को बदनाम करने के लिए ऐसी चालें चल रहे हैं। इस अवसर पर उनके साथ शिअद के कई अन्य प्रमुख नेता भी मौजूद रहे, जिनमें सुरिंदर कुमार छिंदी, ज्ञानी हरबंस सिंह, सहजपाल सिंह गोराया, कश्मीर सिंह, सुखदेव राज, सतपाल, जतिंदर कुमार, कुलवंत सिंह, सुरेश महाजन, रजत महाजन और हरप्रीत मठारू आदि प्रमुख रूप से शामिल थे। मनजिंदर सिंह बल की सफाई: इस पूरे विवाद के सामने आने के बाद जब मनजिंदर सिंह बल से संपर्क किया गया, तो उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए आरोपों को खारिज किया। बल ने स्पष्ट किया कि गत दिवस दिल्ली एयरपोर्ट पर उनकी सुखबीर सिंह बादल से अचानक मुलाकात हुई थी। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने कोई भी अमर्यादित या गलत बात नहीं कही है। उनके अनुसार, सुखबीर सिंह बादल और अकाली दल ने अपने कार्यकाल के दौरान पंजाब और पंजाबियों का बहुत बड़ा नुकसान किया है, और एयरपोर्ट पर कही गई बातें उनके पूरी तरह से निजी और वैचारिक विचार थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *