सुपौल-दरभंगा नए राष्ट्रीय राजमार्ग के DPR को केंद्र की मंजूरी:उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र यादव की पहल पर मिली स्वीकृति, 3 जिलों में होगी बेहतर रोड कनेक्टिविटी




सुपौल से दरभंगा तक नए राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इस प्रस्तावित मार्ग के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश जारी किया है। यह पहल उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव के प्रयासों का परिणाम है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अवर सचिव जय प्रकाश द्वारा हाल ही में जारी पत्र में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अध्यक्ष को निर्देश दिया गया है कि प्रस्तावित मार्ग का डीपीआर तैयार कराया जाए तथा इसकी व्यवहार्यता रिपोर्ट जल्द से जल्द मंत्रालय को भेजी जाए। रिपोर्ट मिलने के बाद परियोजना पर आगे का निर्णय लिया जाएगा। 3 जिलों में होगा बेहतर सड़क संपर्क स्थापित इस सड़क के निर्माण से सुपौल, मधेपुर और दरभंगा के बीच सीधा और बेहतर सड़क संपर्क स्थापित होगा। इससे कोसी और मिथिलांचल क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। यह परियोजना व्यापार, कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को आसान बनाने के साथ-साथ क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति प्रदान करेगी। इस महत्वपूर्ण पहल का श्रेय उपमुख्यमंत्री एवं सुपौल जिले के वरिष्ठ नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव को दिया जा रहा है। उन्होंने लंबे समय से इस मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा दिलाने और इसके निर्माण की मांग केंद्र सरकार के समक्ष उठाई थी। मंत्रालय द्वारा डीपीआर तैयार करने की मंजूरी मिलने से परियोजना के आगे बढ़ने की संभावना मजबूत हुई है। निर्माण की व्यवहार्यता होगी तय अब एनएचएआई प्रस्तावित मार्ग का विस्तृत सर्वेक्षण, तकनीकी अध्ययन और यातायात आकलन कर डीपीआर तैयार करेगा। इसके आधार पर परियोजना की अनुमानित लागत, भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता, तकनीकी स्वरूप और निर्माण की व्यवहार्यता तय की जाएगी। डीपीआर और व्यवहार्यता रिपोर्ट के अनुमोदन के बाद ही केंद्र सरकार राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण को अंतिम स्वीकृति देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *