![]()
सोनीपत शहर थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे सरकारी विभाग में ठेका हासिल करने और मजदूरों के EPF व ESI की राशि जमा न कराने के गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में संलिप्त ठेकेदार आरोपी योगेश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। आरोपी की पहचान योगेश निवासी कृष्ण नगर, सोनीपत के रूप में हुई है, जो ‘वंश एंटरप्राइजेज’ का प्रोपराइटर है। सोनीपत पुलिस प्रवक्ता रविंद्र सिंह ने बताया कि 12 जुलाई 2024 को उप वन संरक्षक संदीप (सोनीपत) ने थाना शहर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि वंश एंटरप्राइजेज के मालिक योगेश ने वन विभाग में ठेकेदारी का काम हासिल करने के लिए कई फर्जी दस्तावेज जमा कराए थे। जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी ने काम करने वाले मजदूरों को न तो पूरी तनख्वाह दी और न ही उनके ईपीएफ (EPF) व ईएसआई (ESI) का पैसा संबंधित विभागों में जमा करवाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (IPC) और कर्मचारी भविष्य निधि एवं विविध प्रावधान अधिनियम की धारा 14AA के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की जांच कर रहे सहायक उप-निरीक्षक (ASI) संदीप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी योगेश को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से फर्जी दस्तावेजों की तैयारी और वित्तीय अनियमितताओं के संबंध में पूछताछ करेगी।
Source link
सोनीपत में फर्जी दस्तावेजों से लिया सरकारी ठेका:मजदूरों का EPF-ESI भी हड़पा; पुलिस ने प्रोपराइटर को किया अरेस्ट, रिमांड पर लिया
