![]()
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम के कथित अनादर के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोनीपत में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ता गांधी चौक से कैंडल मार्च निकालते हुए अंबेडकर चौक तक पहुंचे। इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं पर वंदे मातरम के गायन का अनादर करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा नेताओं ने कहा कि वंदे मातरम देश की आजादी, राष्ट्रभक्ति और शहीदों के बलिदान से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसके कथित अनादर को देश की भावनाओं से जोड़कर देखा जाना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। विधायक मदान बोले- देश से माफी मांगें कांग्रेस नेता सोनीपत विधायक निखिल मदान ने कहा कि जब पूरा देश स्वतंत्रता दिवस खुशी और उत्साह के साथ मना रहा था, उसी दौरान वंदे मातरम के गायन को बीच में रोकने का आरोप कांग्रेस नेताओं पर लगा है। उन्होंने कहा कि यह घटना कांग्रेस की विचारधारा को दर्शाती है और पार्टी को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। मदान ने कहा कि भाजपा वंदे मातरम के कथित अपमान को स्वीकार नहीं करेगी। बडौली बोले- वंदे मातरम राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान का प्रतीक भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली ने कहा कि वंदे मातरम केवल एक राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रभक्ति और देश के स्वाभिमान का अमर प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान इस गीत ने असंख्य देशभक्तों में देश के लिए सर्वस्व न्योछावर करने की भावना पैदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शीर्ष नेताओं द्वारा इसका अनादर किया गया, जिससे देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं। मेयर जैन ने कहा- कथित अनादर पूरे राष्ट्र का अपमान सोनीपत मेयर राजीव जैन ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर वंदे मातरम के कथित अनादर से कांग्रेस नेताओं ने अपनी मानसिकता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम का सम्मान केवल एक गीत का सम्मान नहीं, बल्कि देश की जनता और आजादी के लिए बलिदान देने वाले शहीदों का सम्मान है। जैन ने कांग्रेस नेताओं से देश के सामने माफी मांगने की मांग की। सत्य प्रकाश बोले- पूरे प्रदेश में भाजपा ने दर्ज कराया विरोध भाजपा प्रदेश महामंत्री सत्य प्रकाश जरावत ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पहले भी वंदे मातरम, संविधान, शहीदों और तिरंगे के सम्मान को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के दौरान सामने आए वीडियो को पूरे देश ने देखा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से अब अलग-अलग सफाई दी जा रही है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर में कैंडल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया है। राजबाला बोलीं- गांधी परिवार को आत्मविश्लेषण की जरूरत भाजपा की नवनियुक्त जिला प्रभारी राजबाला एडवोकेट ने कहा कि गांधी परिवार को आत्मविश्लेषण करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संविधान की बात करते हैं, लेकिन भाजपा का आरोप है कि वंदे मातरम के कथित अनादर से संविधान और राष्ट्रभावना से जुड़े विषयों का भी अनादर हुआ है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से इस मामले में देश से माफी मांगने की मांग की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर जताया विरोध भाजपा कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक से अंबेडकर चौक तक कैंडल मार्च निकालकर कांग्रेस के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वंदे मातरम देश की स्वतंत्रता और राष्ट्रभावना से जुड़ा है और इसके कथित अनादर के खिलाफ पार्टी आगे भी आवाज उठाएगी। बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद कैंडल मार्च में नवनियुक्त जिला प्रभारी राजबाला एडवोकेट, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. ओम प्रकाश आत्रेय, आजाद नेहरा, जिला मीडिया प्रभारी दिनेश अत्री एडवोकेट, राजकुमार कटारिया, सोनिया मोर, बबीता दहिया, योगेश पाल अरोड़ा, जेपी रेवाली, गुलशन ठेकेदार, निशांत छोकर, नरेंद्र भारतीय, विकास त्यागी समेत भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link
सोनीपत में भाजपा ने निकाला कैंडल मार्च:कांग्रेस पर लगाया 'वंदे मातरम' के अनादर का आरोप; MLA मदान ने माफी मांगनी पर दिया जोर
