![]()
गुरुग्राम जिले में सोहना के नागरिक अस्पताल में मेडिकल वेस्ट को लेकर लापरवाही सामने आई है। अस्पताल के मुख्य गेट के पास खुले में मेडिकल कचरा पड़ा मिला है। इस कचरे में इस्तेमाल की सिरिंज, सुई, दवाइयों के बचे हुए हिस्से और जांच में इस्तेमाल हुए सामान शामिल हैं। अस्पताल के मुख्य गेट पर इस तरह मेडिकल वेस्ट पड़ा होना प्रशासन पर सवाल खड़े कर रहा है। जहां यह कचरा पड़ा है, वहीं से रोज कई मरीज, उनके रिश्तेदार और दूसरे लोग अस्पताल में आते-जाते हैं। इसी मुख्य गेट के पास मरीजों को दवाइयां भी दी जाती हैं। ऐसे में खुले में पड़ा संक्रमण वाला मेडिकल वेस्ट मरीजों और आम लोगों के सीधे संपर्क में आने से संक्रमण का खतरा बढ़ा रहा है। खुले में नहीं फेंका जा सकता मेडिकल वेस्ट मेडिकल वेस्ट में इस्तेमाल की गई सुई और सिरिंज जैसी चीजें बहुत संवेदनशील होती हैं। इन्हें आम कूड़े की तरह खुले में नहीं फेंका जा सकता। इन्हें सुरक्षित तरीके से इकट्ठा करना, अलग करना, ले जाना और तय नियमों के हिसाब से ठिकाने लगाना जरूरी है। खुले में पड़ी सुई या दूसरी नुकीली चीजों से चोट लगने के साथ संक्रमण का खतरा भी हो सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में रोज सैकड़ों लोग आते-जाते हैं। इसके बावजूद मेडिकल वेस्ट को ठिकाने लगाने में ऐसी लापरवाही समझ नहीं आ रही है। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन से मांग की है कि खुले में पड़े इस कचरे को तुरंत हटाया जाए। एसएमओ बोले- जांच कराकर की जाएगी कार्रवाई अस्पताल के एसएमओ रणविजय सिंह ने कहा कि मामला अभी उनकी जानकारी में नहीं है। इसकी विभागीय जांच कराई जाएगी, जो भी आरोपी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Source link
सोहना अस्पताल के गेट पर मिला मेडिकल वेस्ट:खुले में सिरिंज, सुई, दवाइयां बिखरीं; मरीजों को संक्रमण का खतरा, SMO बोले- होगी कार्रवाई
